इंटरनेट ने लोगों के जीवन को आसान बना दिया है। कुछ मायने में यह मददगार तो साबित हो रहा है, पर जब हम इसका उपयोग बीमारियों के इलाज के लिए करने लगते हैं, तो कई बार यह मुसीबत में डाल देता है। आइए जानते हैं, वरिष्ठ नियोनेटोलॉजिस्ट डॉ. किशोर कुमार से इस बारे में विस्तार से:
आज के युग में अधिकांश लोग किसी भी तरह की जानकारी के लिए इंटरनेट का इस्तेमाल करते हैं। हाल ही में एक दंपति तीन साल की अपनी बेटी को दिखाने के लिए मेरे पास आया। वह बहुत चिंतित और घबराया हुआ था। उसने कहा कि वह पिछले एक हफ्ते से बेटी को मुझे दिखाने के लिए इंतजार कर रहा था। मैंने दंपति से पूछा कि लड़की को समस्या क्या है? उसने बताया कि लड़की के गर्दन के किनारे एक गांठ है। मैंने बच्ची की जांच की और कहा कि चिंता की कोई बात नहीं है। उसे हल्का जुखाम है, जिससे गले में संक्रमण हो गया है। इस पर माता-पिता ने जो राहत की सांस ली, वह अविश्वसनीय थी।