फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Dinner Tips: रात में क्या खाएं और क्या न खाएं ताकि नींद अच्छी आए और वजन भी रहे कंट्रोल

Sat, 19 Jul 2025 01:14 PM IST
शिखर बरनवाल हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

अक्सर लोग रात के समय इत्मिनान से नहीं सो पाते हैं, या सोते समय कई बार नींद टूटती है, इसके पीछे कई कारण हो सकते हैं। इन्हीं में से एक कारण है सही भोजन का चुनाव न कर पाना। आइए इस लेख में इसी के बारे में विस्तार से जानते हैं।
विज्ञापन
1 of 6
स्वस्थ आहार का करें सेवन - फोटो : Freepik.com
Healthy Dinner Tips: रात का भोजन हमारी नींद की गुणवत्ता और वजन प्रबंधन में एक बहुत बड़ी भूमिका निभाता है। मगर ध्यान देने वाली बात यह है कि अक्सर लोग भागदौड़ भरी जिंदगी में रात के खाने को लेकर लापरवाह हो जाते हैं, कभी देर रात खाते हैं, तो कभी उन चीजों का सेवन करते हैं जिसका सेवन उन्हें रात के समय नहीं करना चाहिए।

ये गलतियां न केवल हमारी नींद को प्रभावित करती हैं, बल्कि वजन बढ़ने का भी एक बड़ा कारण बन जाती हैं। अगर आप रात में आराम भरी नींद पाना चाहते हैं, और सुबह उठकर खुद को तरोताजा और हल्का महसूस करना चाहते हैं, तो रात के खाने से जुड़ी सही आदतों को अपनाना बेहद जरूरी है। आइए अब हम जानते हैं कि अच्छी नींद और वजन नियंत्रण करने के लिए आपको रात में क्या खाना चाहिए और किन चीजों से दूर रहना चाहिए।
विज्ञापन

2 of 6
पौष्टिक खानपान - फोटो : Adobe
रात में क्या खाएं
रात का भोजन हमेशा हल्का और आसानी से पचने वाला होना चाहिए ताकि आपके पाचन तंत्र पर ज्यादा बोझ न पड़े। अच्छी नींद और वजन को नियंत्रित रखने के लिए आप लीन प्रोटीन के शाकाहारी स्रोत चुन सकते हैं, जैसे टोफू, पनीर, मूंग दाल या हल्की पकी हुई दालें, और कुछ फलीदार सब्जियां।

ये सभी पेट को भरा हुआ महसूस कराते हैं, लेकिन इससे पेट में भारीपन महसूस नहीं होता। इसके साथ आप थोड़ी मात्रा में साबुत अनाज जैसे ब्राउन राइस, मल्टीग्रेन रोटी या ओट्स ले सकते हैं। इनमें मौजूद कॉम्प्लेक्स कार्ब्स सेरोटोनिन के उत्पादन में मदद करते हैं, जो अच्छी नींद के लिए जरूरी हार्मोन है।

ये भी पढ़ें- Nerve Problem: क्या है क्रॉनिक वेनस इनसफीशिएंसी बीमारी, जिसका ट्रंप हो गए हैं शिकार? जानिए ये कितनी खतरनाक है
विज्ञापन

3 of 6
आहार पर दें ध्यान - फोटो : Freepik.com
हरी सब्जियां भी शामिल करें
अपने भोजन में हरी सब्जियां जैसे उबली हुई या हल्की पकी हुई पालक, लौकी, तोरी शामिल करें, ये फाइबर और पोषक तत्वों से भरपूर होती हैं और आसानी से पच जाती हैं। हेल्दी फैट के लिए एवोकैडो का एक छोटा टुकड़ा या मुट्ठी भर बादाम/अखरोट ले सकते हैं, ये पेट को भरा रखते हैं और जरूरी पोषक तत्व देते हैं।

रात में सोने से पहले, कैमोमाइल या पेपरमिंट जैसी हर्बल चाय पीने से मन शांत होता है और आपको अच्छी नींद आने में मदद मिलती है।

ये  भी पढ़ें- India Malaria Vaccine: मलेरिया का पहला भारतीय टीका तैयार, उत्पादन के लिए ICMR निजी कंपनी के साथ समझौता करेगा

4 of 6
खान-पान - फोटो : Freepik.com
रात में क्या न खाएं?
कुछ खाद्य पदार्थ ऐसे होते हैं जो रात में आपकी नींद और वजन दोनों के लिए हानिकारक साबित हो सकते हैं। सबसे पहले, भारी और तले-भुने खाद्य पदार्थ जैसे समोसे, पकौड़े, पराठे, और ज्यादा मसालेदार ग्रेवी वाले व्यंजन, रात में इन्हें पचाना बहुत मुश्किल होता है।

ये पेट में भारीपन, गैस और सीने में जलन पैदा कर सकते हैं, जिससे आपकी नींद खराब होती है और अनचाहा वजन बढ़ता है। इसी तरह मसालेदार भोजन भी एसिडिटी और सीने में जलन का कारण बन सकता है, जिससे रात में आराम से सो पाना मुश्किल हो जाता है।
विज्ञापन

5 of 6
नो शुगर डाइट - फोटो : Freepik.com
इसके अलावा, रात में ज्यादा चीनी वाले खाद्य पदार्थ जैसे मिठाइयां, चॉकलेट, या आइसक्रीम से बचना चाहिए। ये ब्लड शुगर को तेजी से बढ़ाते हैं, जिससे नींद की क्वालिटी प्रभावित होती है और शरीर में फैट जमा हो सकते हैं।

कैफीन (चाय, कॉफी) और शराब का सेवन भी रात में आपकी नींद का सबसे बड़ा दुश्मन है; कैफीन आपको जगाए रखता है, जबकि शराब भले ही शुरुआत में नींद दिलाए, पर यह स्लिप साइकिल को बिगाड़ देती है। सबसे बड़ी चीज प्रोसेस्ड और जंक फूड से बचें क्योंकि इनमें हेल्दी फैट, सोडियम और चीनी बहुत ज्यादा होती है, जो पाचन को खराब करती है और वजन बढ़ाती है।
विज्ञापन
विज्ञापन

6 of 6
आहार पर दें ध्यान - फोटो : Freepik.com
सही समय और सही मात्रा
रात के भोजन का समय और मात्रा दोनों अहम भूमिका निभाते हैं। रात का भोजन सोने से कम से कम 2-3 घंटे पहले होना चाहिए। इससे शरीर को भोजन पचाने का पूरा समय मिलता है और पेट पर बोझ नहीं पड़ता। हमेशा धीरे-धीरे खाएं और अच्छी तरह चबाएं ताकि पाचन बेहतर हो और आप ज्यादा खाने से बच सकें। साथ ही, रात में सोने से ठीक पहले ज्यादा पानी या तरल पदार्थ पीने से बचें ताकि आपकी नींद बार-बार न टूटे।

नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।

अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें