हमारे घरों में कई प्रकार की ऐसी औषधियां मौजूद होती हैं जिन्हें सेहत के लिए बहुत लाभकारी माना जाता है। आयुर्वेद के साथ-साथ मेडिकल साइंस भी इनसे होने वाले फायदों को प्रमाणित कर चुका है। नीम ऐसी ही एक अत्यंत प्रभावी औषधि है जिसका सेवन और त्वचा पर लगाने, दोनों तरह से लाभ देखा गया है। आयुर्वेद में नीम की पत्तियों से लेकर जड़, तने, फल और छाल तक के लाभ का जिक्र मिलता है। संक्रमण के खतरे को कम करने से लेकर डायबिटीज, त्वचा की समस्याओं को ठीक करने और खून को साफ करने में नीम की पत्तियों का सेवन करना कारगर माना जाता है।
नीम एक शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट है जो फ्री रेडिकल्स से शरीर को होने वाली क्षति का कम करने में सहायक है। इसके अलावा नीम में रोगाणुरोधी गुण होता है जो कई प्रकार के बैक्टीरिया, वायरस और फंगल के खिलाफ काफी प्रभावी हो सकता है। नीम मच्छरों के कारण होने वाली समस्याओं में प्रभावी है इसलिए इसे मलेरिया की समस्या में काफी कारगर माना जाता है।
विशेषज्ञ सभी लोगों को बेहतर स्वास्थ्य के लिए नियमित रूप से खाली पेट नीम की पत्तियों के सेवन की सलाह देते हैं। आइए इससे होने वाले स्वास्थ्य लाभ के बारे में जानते हैं।