फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सेहत की बात: अक्सर होने वाले सिरदर्द को न करें अनदेखा, इन गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का हो सकता है संकेत

Fri, 18 Feb 2022 03:56 PM IST
अभिलाष श्रीवास्तव हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 5
लगातार सिरदर्द की समस्या - फोटो : getty images
जीवनशैली में गड़बड़ी, तनाव, काम के दबाव जैसी स्थितियों के कारण सिरदर्द होना सामान्य माना जाता है। कई शारीरिक और मानसिक समस्याओं के कारण भी सिरदर्द हो सकता है, पर अगर आपको लगातार ऐसी समस्या महसूस होती रहती है तो इस बारे में सावधान हो जाने की आवश्यकता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक लगातार बने रहने वाले सिरदर्द की समस्या कई गंभीर स्वास्थ्य स्थितियों का संकेत भी हो सकती है, जिसपर शीघ्रता से ध्यान देने की आवश्यकता है।

सामान्यतौर पर होने वाले सिरदर्द को हम कुछ दर्दनिवारक दवाइयों का सेवन करके ठीक कर लेते हैं। बिगड़ी जीवनशैली से लेकर मूड खराब होने तक, सिरदर्द कई स्थितियों में आपके लिए परेशानी का कारण बन सकता है। अधिकतर सिरदर्द की समस्या किसी गंभीर अंतर्निहित स्वास्थ्य स्थिति का परिणाम नहीं होता है। हालांकि यदि आपको बार-बार सिरदर्द हो रहा है, तो इसके वास्तविक कारण को जानना और उसका इलाज कराना आवश्यक हो जाता है। आइए आगे की स्लाइडों में जानते हैं कि लगातार बने रहने वाला सिरदर्द किन गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का संकेत हो सकता है, जिसपर समय रहते ध्यान देना बहुत आवश्यक माना जाता है?
विज्ञापन

2 of 5
ज्यादा दवाओं के सेवन के कारण सिरदर्द - फोटो : Pixabay
कुछ दवाओं का अधिक सेवन
यदि आप भी अक्सर सिरदर्द की समस्या में खुद से ही दर्द की दवाओं का सेवन करते हैं, तो इस बारे में सावधान हो जाने की आवश्यकता है। सिरदर्द की दवाओं के अत्यधिक सेवन से भी दीर्घकालिक सिरदर्द की दिक्कत हो सकती है। दर्द निवारक दवाओं के अनियंत्रित सेवन के कारण शरीर में इसका रेजिस्टेंस बन जाता है जिसके कारण आपको लगातार इस तरह की दिक्कतों का अनुभव होता रह सकता है। इसलिए किसी भी दवा के सेवन से पहले डॉक्टरी सलाह जरूर ले लेनी चाहिए।
विज्ञापन

3 of 5
मस्तिष्क की रक्त वाहिकाओं में सूजन - फोटो : Pixabay
रक्त वाहिकाओं में सूजन
लगातार बने रहने वाली सिरदर्द की समस्या कई गंभीर अंतर्निहित स्वास्थ्य स्थितियों का परिणाम हो सकती है, इसमें रक्त वाहिकाओं में सूजन को भी एक माना जाता है। मस्तिष्क की रक्त वाहिकाओं में होने वाले सूजन के कारण रक्त का प्रवाह प्रभावित हो जाता है जिसके कारण भी आपको लगातार सिरदर्द महसूस होता रह सकता है। इस स्थिति को वास्कुलिटिस के रूप में जाना जाता है। इसके कारण ब्रेन डैमेज, स्ट्रोक या रक्त के थक्के बनने जैसी समस्याओं का भी जोखिम बढ़ जाता है।

4 of 5
ब्रेन ट्यूमर हो सकता है गंभीर (सांकेतिक तस्वीर) - फोटो : pixabay
ब्रेन ट्यूमर की समस्या
सिरदर्द की लगातार बनी रहने वाली समस्या का एक कारण ब्रेन ट्यूमर भी हो सकता है। मस्तिष्क में कोशिकाओं के असामान्य वृद्धि की यह समस्या भी लगातार सिरदर्द का कारण हो सकती है। ब्रेन ट्यूमर को गंभीर स्वास्थ्य समस्या के तौर पर जाना जाता है, इसका समय पर निदान और इलाज न होने से मौत का खतरा भी बढ़ जाता है। 
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
सिरदर्द को कैसे ठीक करें? - फोटो : iStock
सिरदर्द को कैसे नियंत्रित करें?
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक जीवनशैली में कुछ सामान्य से बदलाव करके सिरदर्द को कम करने का प्रयास किया जा सकता है। हालांकि लगातार बनी रहने वाली इस समस्या का डॉक्टरी इलाज बहुत आवश्यक है।
  • नियमित दिनचर्या का पालन करें। कई अस्वास्थ्यकर आदतें जैसे कि भोजन न करना, शारीरिक निष्क्रियता आदि भी सिरदर्द का कारण बन सकती हैं।
  • नींद पूरी न होने से भी सिरदर्द हो सकता है। रोजाना कम से कम 6 से 8 घंटे की निर्बाध नींद पूरी करने की कोशिश करें। 
  • फाइबर, प्रोटीन और अन्य आवश्यक पोषक तत्वों से भरपूर संतुलित आहार का सेवन करें।
  • निर्जलीकरण भी सिरदर्द का एक आम कारण है, सुनिश्चित करें कि आप पूरे दिन पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें।
  • खुद से ही किसी भी दवा के सेवन से बचें, गलत दवा के सेवन के कारण सिरदर्द के साथ कई अन्य समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है।

----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है। 

अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें