फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आज का हेल्थ टिप्स: ऐसी आदतें बिगाड़ देती हैं दांतों की सेहत, पायरिया और सड़न की बढ़ सकती है समस्या

Tue, 15 Feb 2022 11:45 AM IST
अभिलाष श्रीवास्तव हेल्थ टिप्स, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 5
दांतों की सेहत का रखें ख्याल - फोटो : Pixabay
शरीर के बेहतर स्वास्थ्य को सुनिश्चित करने के लिए दांतों की सेहत का ख्याल रखना आवश्यक माना जाता है। दांत भोजन को चबाने में मदद करते हैं, जिससे उनका पाचन आसानी से हो पाता है। इसके अलावा स्वस्थ और सफेद दांत आपके आत्मविश्वास को बढ़ावा देने में भी मदद करते हैं। हालांकि हम में से ज्यादार लोग दांतों की सेहत को लेकर ज्यादा गंभीर नहीं देखे जाते हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक संपूर्ण स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए ओरल हेल्थ का ध्यान रखना आवश्यक माना जाता है। इसमें दांत, जीभ और मसूड़ों की साफ-सफाई और उनका ख्याल रखना भी जरूरी है। 

जाने-अनजाने रोजाना हम कुछ ऐसी चीजें करते रहते हैं जिनका दांतों की सेहत पर गंभीर असर देखा जा सकता है। इस तरह की आदतें दांतों में सड़न, कमजोरी और पायरिया जैसी समस्याओं के जोखिम को बढ़ा देते हैं। कई शोध में इस बात पर भी जोर दिया गया है कि ओरल हेल्थ प्राब्लम, विशेषकर मसूड़े की बीमारी से शरीर में अन्य समस्याएं हो सकती हैं, जिसमें हृदय रोग का खतरा बढ़ जाता है। यही कारण है कि सभी लोगों को अपनी दांतों को स्वस्थ रखने के लगातार उपाय करते रहने चाहिए। आइए जानते हैं कि आपकी कौन सी आदतें दांतों की सेहत को नुकसान पहुंचा सकती हैं?
विज्ञापन

2 of 5
रात में ब्रश करने की डालें आदत - फोटो : Pixabay
रात के समय ब्रश न करने की आदत
ओरल हाइजीन को बनाए रखने, विशेषकर दांतों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए सभी लोगों को दिन में कम से कम दो बार ब्रश करने की सलाह दी जाती है। हम सुबह उठने के बाद तो ब्रश कर लेते हैं लेकिन रात में सोने से पहले ब्रश करने को नजरअंदाज कर देते हैं। यह आदत दांतों की सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकती है। असल में रात में भोजन के बाद दांतों में इसके कुछ अवशेष छिपे रह जाते हैं जोकि रातभर में सड़ने लगते हैं और दांतों में सड़न का कारण बन सकते हैं। इससे बचने के लिए रात में ब्रश जरूर करें।
विज्ञापन

3 of 5
जीभ को भी रखें साफ - फोटो : getty images
जीभ की अच्छे से सफाई न करना
दांतों को सेहतमंद रखने के लिए सिर्फ दांत ही नहीं, जीभ को भी साफ रखना जरूरी होता है। जीभ को साफ न करने से इसपर प्लाक बन सकता है। इससे न केवल मुंह से दुर्गंध आती है, बल्कि मौखिक स्वास्थ्य से संबंधित कई अन्य समस्याएं भी हो सकती हैं। इसलिए हर बार जब आप अपने दांतों पर ब्रश करें तो जीभ को भी जरूर साफ करें।

4 of 5
पानी पीते रहना आवश्यक - फोटो : Pixels
पानी कम पीना
कम पानी पीने की आदत के कई नुकसान हो सकते हैं, यह दांतों की सेहत के लिए भी हानिकारक मानी जाती है। पानी पीने से शरीर में हाइड्रेशन बना रहता है साथ ही पानी के साथ खाद्य पदार्थों का चिपचिपा और अम्लीय अवशेष दांतों से हट जाता है। पानी कम पीने से शरीर में अम्लीयता बढ़ जाती है जिसके कारण मसूड़ों और दांतों पर भी नकारात्मक असर हो सकता है। इसलिए दिन में कम से कम 3-4 लीटर पानी पीना सुनिश्चित करें।
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
टॉफी-कैंडीज कम खाएं - फोटो : getty images
मीठी और एसिडिक चीजों का ज्यादा सेवन
मीठी और एसिडिक चीजों का ज्यादा सेवन करने वाले लोगों के दांत अक्सर जल्दी खराब हो जाते हैं। असल में शुगर वाली चीजें मुंह में एसिड में बदल जाती है, जो आपके दांतों के इनेमल को नुकसान पहुंचा सकती हैं।  एसिड के कारण कैविटी की भी समस्या बढ़ जाती है। अम्लीय फल, चाय और कॉफी भी दांतों के इनेमल को खराब कर सकते हैं। हालांकि जरूरी नहीं कि आपको ऐसे खाद्य पदार्थों से पूरी तरह परहेज करना पड़े, लेकिन इनका कम से कम मात्रा में सेवन सुनिश्चित करें।


----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है। 

अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें