हाल के दिनों में भारत सहित दुनिया के कई देशों में
ह्यूमन मेटान्यूमोवायरस (एचएमपीवी) का तेजी से प्रकोप देखा गया। चीन से शुरू हुआ ये संक्रामक रोग देखते ही देखते दुनिया के कई देशों में फैल गया। हालांकि अब संक्रमण के वैश्विक मामले काफी कंट्रोल में दिख रहे हैं। गुजरात के एक स्वास्थ्य अधिकारी ने सोमवार को बताया कि राज्य में फिलहाल संक्रमण का कोई भी एक्टिव केस नहीं है। सभी छह लोग, जिनमें संक्रमण की पुष्टि की गई थी उनको ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
वैश्विक स्तर पर स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि एचएमपीवी के मामले जरूर कंट्रोल में हैं पर कई देश इन दिनों एच5एन1 संक्रमण की चपेट में हैं। एच5एन1 जिसे बर्ड फ्लू या एवियन इन्फ्लूएंजा के नाम से भी जाना जाता है, ये लंबे समय से स्वास्थ्य विशेषज्ञों के लिए चिंता का कारण बना हुआ है। इस संक्रामक रोग को लेकर वैज्ञानिकों की टीम ने जो हालिया जानकारी साझा की हैं वह निश्चित ही चिंता बढ़ाने वाली है।
अमेरिका में बर्ड फ्लू के बढ़ते जोखिमों को लेकर अध्ययन कर रही वैज्ञानिकों की टीम ने वायरस में हो रहे म्यूटेशनों को लेकर लोगों को अलर्ट किया है।