भारत में वर्षों से पारंपरिक और घरेलू चिकित्सा के लिए कई तरह की औषधियों को प्रयोग में लाया जाता रहा है। आयुर्वेदिक चिकित्सा के साथ-साथ मेडिकल साइंस ने भी इन औषधियों के सेवन के लाभ के बारे में प्रमाणित किया है। विशेषज्ञों का कहना है कि कुछ औषधियों में तो ऐसे दिव्य गुण होते हैं जो कई तरह की गंभीर से गंभीर बीमारियों को भी आसानी से ठीक करने में आपकी मदद कर सकते हैं। गिलोय ऐसी ही एक औषधि है, जिसका वर्षों से कई प्रकार के स्वास्थ्य लाभ के लिए सेवन किया जाता रहा है। विशेषकर कोरोना के दौरान शरीर की प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ावा देने के लिए भी गिलोय के काढ़े का सेवन किया गया।
आयुर्वेद में गिलोय को चमत्कारी औषधि के तौर पर वर्णित किया गया है, इसे 'अमृता' के नाम से भी जाना जाता है, जिसका शाब्दिक अर्थ है 'जीवन का अमृत'।
विशेषज्ञ कहते हैं कि गिलोय का नियमित सेवन करना कई प्रकार की क्रोनिक समस्याओं को ठीक करने के साथ शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली को बढ़ावा देकर आपको बीमारियों से सुरक्षित रखने में भी मदद कर सकती है। इसमें मौजूद औषधीय गुण, मानव शरीर के लिए विशेष लाभकारी होते हैं। आइए गिलोय के सेवन से होने वाले फायदों के बारे में जानते हैं।