फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Galleri Test: अब आसानी से कैंसर का चल जाएगा पता, बस एक ब्लड टेस्ट से 50 तरह के कैंसर की हो सकेगी पहचान

Sun, 04 Jun 2023 02:53 PM IST
अभिलाष श्रीवास्तव हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 5
ब्लड टेस्ट से कैंसर की पहचान - फोटो : Pixabay
कैंसर, वैश्विक स्तर पर बढ़ती सबसे जानलेवा समस्याओं में से एक है, जो हर साल लाखों लोगों की मौत का कारण बनती है। शोधकर्ताओं का कहना है कि कैंसर के कारण होने वाली मृत्युदर को कम किया जा सकता है, अगर समय रहते लोगों में इस समस्या का सही निदान और इलाज हो जाए। कई प्रकार के कैंसर का अगर शुरुआती चरणों में ही पता चल जाए तो रोगी की जान बचाई जा सकती है। इसके लिए आवश्यक है कि आप लक्षणों को पहचानें और समय रहते इसकी जांच कराएं।

इस दिशा में वैज्ञानिकों के हाथ बड़ी कामयाबी लगी है। लैंसेट ऑन्कोलॉजी जर्नल में प्रकाशित रिपोर्ट के आधार पर शोधकर्ताओं ने एक ऐसे ब्लड टेस्ट के बारे में बताया है जिसकी मदद से 50 तरह के कैंसर का निदान किया जा सकेगा। कैंसर के समय रहते निदान की दिशा में इस खोज को बड़ी कामयाबी के तौर पर देखा जा रहा है। शुरुआती चरणों में इसके बेहतर परिणाम भी देखे गए हैं।
विज्ञापन

2 of 5
गैलरी ब्लड टेस्ट (सांकेतिक) - फोटो : iStock
गैलेरी ब्लड टेस्ट

वैज्ञानिकों ने इस ब्लड टेस्ट का नाम दिया है- गैलेरी टेस्ट। इंग्लैंड और वेल्स में इस ब्लड टेस्ट का परीक्षण उन लोगों पर किया गया जिनमें कैंसर के लक्षण थे। ऐसे करीब 5,000 लोगों में हर तीन में से दो में इस टेस्ट के माध्यम से कैंसर की सही पहचान की गई है।

वैज्ञानिकों को उम्मीद है कि इस टेस्ट के माध्यम से आने वाले समय में आसानी से कैंसर के जोखिमों का निदान किया जा सकेगा, जो कैंसर के कारण होने वाले मृत्युदर की बोझ को कम करने में सहायक हो सकेगी। 
विज्ञापन

3 of 5
गैलेरी टेस्ट से लगा सकते हैं कैंसर का पता - फोटो : Pixabay
कैसे काम करती है ये टेस्टिंग

वैज्ञानिकों की टीम ने बताया कि गैलेरी टेस्ट के माध्यम से रोगी के जेनेटिक कोड की बिट्स में अलग-अलग बदलावों को समझने की कोशिश की जाती है। ये बिट्स विभिन्न प्रकार के कैंसर से लीक होते हैं। ऑक्सफ़ोर्ड विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं का कहना है कि इस टेस्टिंग पर अभी भी काम किया जा रहा है, हमारी कोशिश है कि इस एक ही ब्लड टेस्ट की मदद से एक साथ कई प्रकार के कैंसर का आसानी से पता लगाया जा सके।

कैलिफोर्निया की कंपनी ग्रेल द्वारा विकसित गैलेरी टेस्ट का उपयोग उन लोगों में भी किया जा रहा है जो बिना लक्षणों के हैं, जिससे यह समझने की कोशिश है कि क्या इस टेस्ट की मदद से छिपे हुए कैंसर का भी पता लगाया जा सकता है?

4 of 5
कैंसर के निदान में मिलेगी मदद - फोटो : Pixabay
अध्ययन में क्या पता चला?

अध्ययन में शामिल लोगों में से 350 से अधिक लोगों में इस टेस्ट के बाद स्कैन और बायोप्सी जैसे पारंपरिक तरीकों का उपयोग करके भी कैंसर का निदान किया गया। शोधकर्ताओं ने पाया कि जिन लोगों में गैलेरी ब्लड टेस्ट के माध्यम से कैंसर का निदान हुआ था, ऐसे 75 प्रतिशत लोगों में पारंपरिक टेस्ट के माध्यम से भी कैंसर की पुष्टि हुई। हालांकि गैलेरी टेस्ट में करीब 2.5% लोगों में कैंसर के निगेटिव मामलों की पुष्टि की गई थी, जिनमें पारंपरिक टेस्ट के माध्यम से कैंसर की पुष्टि हुई।

निष्कर्ष के आधार पर शोधकर्ताओं ने पाया कि इस ब्लड टेस्ट के माध्यम से 85 फीसदी सटीकता के साथ बीमारी का पता लगाया जा सकता है।
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
कैंसर की जल्द हो सकेगी पहचान - फोटो : istock
क्या कहते हैं शोधकर्ता?

गैलेरी ब्लड टेस्ट के प्रमुख शोधकर्ता मार्क मिडलटन ने मीडिया रिपोर्ट्स में बताया कि- कैंसर अब भी गंभीर प्रकार की जटिल समस्या है। कई बार यह तुरंत स्पष्ट नहीं होता है कि रोगी को कौन से परीक्षण की आवश्यकता है। इस ब्लड टेस्ट की मदद से हम आसानी से कई प्रकार के कैंसर के संकेतों की पहचान कर सकते हैं।

कैंसर रिसर्च यूके के डॉ. डेविड क्रॉसबी कहते हैं, अध्ययन के निष्कर्ष बताते हैं कि इस परीक्षण का उपयोग नैदानिक मूल्यांकन करने में मदद कर सकता है। हालांकि अभी इसमें कई और पहलुओं पर शोध हो रहा है जिससे इसकी सटीकता की पहचान की जा सके। उम्मीद है कि यह एक टेस्ट कैंसर के निदान में बड़ी भूमिका निभा सकता है। 



----------------
स्रोत और संदर्भ
Novel Blood Test Shows Promise to Diagnose Over 50 Types of Cancer

अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें