अगर आप चाहते हैं कि सेहत ठीक रहे, क्रोनिक बीमारियों के खतरे से बचे रहें तो इसके लिए सबसे जरूरी है कि आप खान-पान की चीजों को लेकर विशेष सावधानी बरतते रहें। हम जो कुछ भी खाते-पीते हैं उसका सीधा असर हमारी सेहत पर होता है। गर्मी के दिनों में ठंडक के एहसास के लिए आइसक्रीम खाना भी हमारी पहली पसंद में से एक रहा है, पर क्या आप जानते हैं कि असल में इससे सेहत को कई प्रकार के नुकसान हो सकते हैं?
इतना ही नहीं अगर आपको लगता है कि शरीर की पौष्टिकता की पूर्ति के लिए बाजार में मिलने वाले फ्रूट जूस लाभकारी हैं तो भी आपको सावधान हो जाने की जरूरत है।
पैक्ड फ्रूट जूस और आइसक्रीम को वजन बढ़ने से लेकर डायबिटीज और कई अन्य प्रकार की स्वास्थ्य समस्याओं का कारण माना जाता रहा है। पैक्ड जूस को लंबे समय तक खराब होने से बचाने के लिए उसमें कई प्रकार रसायन और प्रिजर्वेटिव्स मिलाए जाते हैं जिससे सेहत को दीर्घकालिक तौर पर कई प्रकार के नुकसान हो सकते हैं। आइए जानते हैं कि स्वास्थ्य विशेषज्ञ इस तरह की चीजों से सभी लोगों को दूरी बनाने की सलाह क्यों देते हैं?