फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Home Remedies: कई समस्याओं का रामबाण घरेलू इलाज है यह औषधि, डायबिटीज रोगी भी कर सकते हैं सेवन

Fri, 11 Mar 2022 05:51 PM IST
अभिलाष श्रीवास्तव हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 5
सौंफ खाने के हैं तमाम फायदे - फोटो : Pixabay
हमारे घरों में रोजाना कई ऐसी औषधियों को प्रयोग में लाया जाता रहा है जो सेहत के लिए अद्भुत लाभकारी हो सकती हैं। विशेषकर किचन में मौजूद तमाम मसालों को लेकर हुए अध्ययनों में इसके विभिन्न प्रकार के औषधीय गुणों के बारे में पता चलता है। कई औषधियों को वर्षों से तमाम तरह की बीमारियों के घरेलू उपचार के रूप में प्रयोग में लाकर लाभ प्राप्त किया जाता रहा है। सौंफ भी हर घर में मसालों में प्रयोग की जाने वाली औषधि है जो सेहत के लिए कई तरह के लाभ को समाहित किए हुए है। दादी-नानी के घरेलू नुस्खों में सौंफ के तमाम तरह के फायदों के बारे में जिक्र मिलता है।

अक्सर आपने देखा होगा कि भोजन के बाद सौंफ खाने को दिया जाता है, असल में सौंफ में कई ऐसे औषधीय गुण होते हैं जो पाचन को ठीक रखने के साथ पेट की कई तरह की समस्याओं को दूर करने में भी आपकी मदद कर सकते हैं। इसके अलावा, सौंफ के बीज विभिन्न खनिजों का उत्कृष्ट स्रोत माने जाते हैं जो रक्तचाप से लेकर डायबिटीज तक की समस्या को नियंत्रित करने में लाभकारी हो सकते हैं। सौंफ, रक्त शर्करा के स्तर को भी बढ़ने नहीं देता है ऐसे में डायबिटीज रोगी भी इसका सेवन कर सकते हैं। आइए आगे की स्लाइडों में जानते हैं कि सौंफ का सेवन सेहत के लिए किस प्रकार के फायदेमंद हो सकता है?
Trending Videos
विज्ञापन

2 of 5
सौंफ के स्वास्थ्य लाभ - फोटो : Pixabay
पेट की समस्याओं में रामबाण है सौंफ
सौंफ के बीज को कब्ज, पेट के सूजन और अपच को ठीक करने के लिए वर्षों से प्रयोग में लाया जाता रहा है। गर्मियों में सौंफ की ठंडाई पेट को ठंडक देने के साथ पेट फूलने और अपच की समस्या में काफी लाभदायक मानी जाती है। अध्ययनों से पता चलता है कि सौंफ में एनेथोल, फेनचोन और एस्ट्रैगोल जैसे आवश्यक तत्व होते हैं जो एंटी-इंफ्लामेटरी और एंटीस्पास्मोडिक गुणों के लिए जाने जाते हैं। पाचन तंत्र को मजबूत बनाए रखने के लिए भोजन के बाद एक चुटकी सौंफ का सेवन करना फायदेमंद माना जाता है।
विज्ञापन

3 of 5
रक्तचाप को कंट्रोल में रखता है सौंफ - फोटो : iStock
रक्तचाप को करता है कंट्रोल
जिन लोगों को अक्सर हाई ब्लड प्रेशर की शिकायत बनी रहती है, सौंफ का सेवन उनके लिए भी विशेष लाभदायक हो सकता है। जर्नल ऑफ फूड साइंस में प्रकाशित एक अध्ययन से पता चलता है कि सौंफ चबाने से लार में नाइट्राइट का स्तर बढ़ जाता है। यह प्राकृतिक तत्व, रक्तचाप के स्तर को नियंत्रित रखने में सहायक है। इसके अलावा सौंफ में पोटैशियम भी प्रचुर मात्रा में होती है जो रक्तचाप और हृदय गति को नियंत्रित करने में सहायक है।

4 of 5
त्वचा के लिए सौंफ के लाभ - फोटो : istock
त्वचा के लिए है फायदेमंद
सौंफ को वर्षों से त्वचा संबंधी लाभ के लिए जाना जाता है। सौंफ का पानी पीने से लेकर चेहरे पर इसका पेस्ट लगाने तक, कई तरीकों से इसे प्रयोग में लाया जाता रहा है। सौंफ का सेवन आपके रक्तप्रवाह में ऑक्सीजन के संतुलन को बनाए रखते हुए हार्मोन को संतुलित करने के लिए महत्वपूर्ण हैं। ये त्वचा पर एक ठंडा और सुखदायक प्रभाव डालकर, त्वचा को स्वस्थ और चमकदार बनाए रखने में भी सहायक है।
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
सौंफ का सेवन है विशेष लाभदायक - फोटो : Pixabay
स्तनपान कराने वाली माताओं के लिए फायदेमंद
सौंफ में गैलेक्टोजेनिक गुण पाए जाते हैं, जिसका अर्थ है कि यह दूध के स्राव को बढ़ाने में मदद करता है। शोध से पता चलता है कि सौंफ का सेवन रक्त में प्रोलैक्टिन के स्तर को बढ़ाने में सहायक है। यह हार्मोन शरीर को स्तन के दूध का उत्पादन करने का संकेत देता है। यही कारण है कि प्रसव के बाद अक्सर माताओं को सौंफ चबाने को दिया जाता रहा है।


----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है। बताए गए तरीके वैकल्पिक उपचार हैं, इन्हें दवाइयों का विकल्प नहीं माना जा सकता। 

अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें