कोविड-19 संक्रमण से ठीक होने के बाद की जिंदगी कैसी होगी, क्या दूसरे लोगों के तरह आप भी सामान्य जीवन जी सकेंगे, ऐसे कई सवाल लोगों को मन में उठ रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि संक्रमण के बाद लोग दोबारा से सामान्य जीवनयापन कर सकते हैं। इतना ही नहीं हैदराबाद के डॉक्टरों का कहना है कि संक्रमण से ठीक होने के बाद आप अंग दान भी कर सकते है। डॉक्टरों ने कोविड से ठीक हो चुके 31 लोगों के किडनी दान को लेकर किए गए अध्ययन के आधार पर यह जानकारी दी है।
एक ओर जब देश में संक्रमण के मामले दोबारा से बढ़ रहे हैं, ऐसे में इस तरह की खबरें ठीक हो चुके रोगियों के हौसले को बढ़ाने के लिए सबसे बेहतर हो सकती हैं। आइए जानते हैं, संक्रमण के बाद अंगों के प्रत्यारोपण को लेकर डॉक्टरों का क्या कहना है?