बढ़ता स्क्रीन टाइम मौजूदा समय में हमारी सेहत के लिए सबसे बड़ी समस्याओं में से एक बना हुआ है। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी को इसका शिकार पाया जा रहा है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, मोबाइल फोन पर रील्स स्क्रॉल करते रहने, वीडियो देखने या गेम खेलते रहने की आदत के कारण लोग अक्सर बैठे या लेटे रहते हैं। इस तरह से बढ़ती शारीरिक निष्क्रियता के कारण मोटापा, डायबिटीज, ब्लड प्रेशर और हृदय रोगों का जोखिम कम उम्र भी देखा जाने लगा है।
स्क्रीन टाइम को ब्रेन हेल्थ और अन्य शारीरिक-मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं के लिए भी जिम्मेदार माना जाता रहा है। यही कारण है स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को मोबाइल या किसी भी अन्य डिजिटल स्क्रीन से दूरी बनाए रखने की सलाह देते रहे हैं।
डॉक्टर्स कहते हैं, सभी उम्र के लोगों में रील देखने की लत तेजी से बढ़ती जा रही है, इस आदत के चलते स्क्रीन टाइम में भी बढ़ोतरी हुई है जिसका आपकी आंखों पर गंभीर असर हो सकता है। यही कारण है कि पिछले कुछ वर्षों में निकट दृष्टि दोष (मायोपिया) के मामले काफी तेजी से बढ़ते हुए देखे गए हैं।