अध्ययनों में रोजाना दूध के सेवन को शरीर को लिए अत्यंत लाभदायक बताया जाता रहा है। दूध में कई तरह के पोषक तत्वों का भंडार पाया जाता है जो शरीर को स्वस्थ और फिट बनाए रखने में काफी महत्वपूर्ण हो सकता है। आमतौर पर हम सभी रोजाना गाय-भैंस के दूध को प्रयोग में लाते रहे हैं, पर क्या आप जानते हैं कि आहार में गधे के दूध को शामिल करना भी आपको कई तरह के लाभ प्रदान कर सकता है।
गधे के दूध का उल्लेख प्राचीन काल से स्वास्थ्य पूरक और सौंदर्य उत्पाद के रूप में किया जाता रहा है। इसमें मौजूद पौषक तत्वों की श्रृंखला शरीर को रोग मुक्त और स्वस्थ बनाए रखने में काफी सहायक हो सकती है।
गधे के दूध के स्वास्थ्य लाभ को देखते हुए कई डेयरी में चीज और पनीर बनाने के लिए भी इसे प्रयोग में लाया जा रहा है। इसके अलावा त्वचा के देखभाल उत्पादों में भी इस दूध का उपयोग करके गुणवत्ता को बढ़ाया जाता रहा है। शोध से पता चलता है कि गधे का दूध कई प्रकार के स्वास्थ्य लाभ वाला हो सकता है, इसे 'फार्मा फूड' के रूप में भी जाना जाता है। आइए इसके सेवन से शरीर को होने वाले फायदों के बारे में विस्तार से जानते हैं।