फ्रेंच फ्राइज, पकौड़े हों या तेल से निकले गरमा-गरम समोसे, ये किसे पसंद नहीं होंगे? पर आपकी ये पसंद कहीं सेहत के लिए मुश्किलें न बढ़ा दे?
तली हुई चीजें स्वाद में भले ही लाजवाब लगती हों, लेकिन इनका अत्यधिक सेवन शरीर के लिए कई तरह की समस्याएं पैदा कर सकता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, चूंकि इनमें आमतौर पर कैलोरी, सेचुरेटेड फैट और ट्रांस फैट की मात्रा अधिक होती है इसलिए इनका अक्सर सेवन आपको गंभीर रूप से बीमार करने वाला हो सकता है।
बार-बार इस्तेमाल होने वाले तेल में कई हानिकारक यौगिक बनने लगते हैं जो शरीर में इंफ्लेमेशन बढ़ा सकते हैं। इससे कोलेस्ट्रॉल और हृदय रोगों का जोखिम बढ़ जाता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार कभी-कभार सीमित मात्रा में तली हुई चीजें खाना सामान्य बात है, लेकिन इन्हें नियमित भोजन का हिस्सा बनाना नुकसानदायक हो सकता है।