हम सभी वर्षों से सुनते आ रहे हैं कि रोजाना व्यायाम करने की आदत सेहत के लिए बहुत फायदेमंद होती है। हम में से ज्यादातर लोग शारीरिक फिटनेस और वजन को नियंत्रित करने के उद्देश्य से व्यायाम करते हैं, पर क्या आप जानते हैं कि इसके कई अन्य लाभ भी हो सकते हैं। नियमित व्यायाम करने की आदत कई तरह की गंभीर बीमारियों के जोखिम को कम करने में भी सहायक है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक पिछले कुछ वर्षों में कई ऐसी गंभीर बीमारियों का खतरा तेजी से बढ़ गया है, जिसके लिए शारीरिक निष्क्रियता को प्रमुख कारण माना जाता है, ऐसे में नियमित व्यायाम करने की आदत इन बीमारियों के जोखिम को कम करने में आपकी मदद कर सकती है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, सभी लोगों को फिट और कई तरह की गंभीर बीमारियों से बचे रहने के लिए हफ्ते में कम से कम 150 मिनट का व्यायाम सुनिश्चित करना चाहिए। अध्ययनों से पता चलता है कि नियमित व्यायाम करने की आदत फील गुड हार्मोन के स्राव को बढ़ावा देती है जिससे मानसिक स्वास्थ्य में लाभ मिलता है। ऐसे में कहा जा सकता है कि दिनचर्या में व्यायाम को शामिल करके आप कई तरह के स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर सकते हैं। आइए रोजाना व्यायाम से सेहत को होने वाले ऐसे ही कुछ अद्भुत फायदों के बारे में जानते हैं।