कोरोना महामारी ने सिर्फ भारत ही नहीं बल्कि दुनियाभर में भारी तबाही मचाई है। हर दिन लाखों लोग संक्रमण का शिकार हो रहे हैं और हजारों लोगों की मौत हो रही है। हालांकि विशेषज्ञ कहते हैं कि इसके खिलाफ चल रहे टीकाकरण अभियान ने संक्रमण को कम करने में अहम भूमिका निभाई है। उनका मानना है कि अगर सभी लोग कोरोना की वैक्सीन लगवा लें तो इस महामारी को खत्म किया जा सकता है। फिलहाल दुनियाभर में जितनी भी वैक्सीन हैं, सभी दो डोज वाली हैं, यानी कोरोना से बचाव के लिए दोनों डोज लेनी पड़ती है। हालांकि अब पब्लिक हेल्थ इंग्लैंड (पीएचई) द्वारा किए गए एक अध्ययन में कहा गया है कि वैक्सीन की एक खुराक भी कोरोना के गंभीर संक्रमण से बचा सकती है।