आयुर्वेद में नीम का बड़ा ही महत्व बताया गया है। हमारी त्वचा और ब्लड के लिए तो यह फायदेमंद है ही, पेट संबंधी कई तरह की समस्याओं में भी नीम की पत्तियां कारगर घरेलू उपाय है। लेकिन क्या यह कोरोना से लड़ने में भी असरदार साबित हो सकता है? ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद और निसर्ग हर्ब्स कंपनी मिलकर इसी संभावना पर रिसर्च कर रही हैं। फरीदाबाद के ईएसआईसी अस्पताल में सात अगस्त से ही शोध संबंधी परीक्षण शुरू हो चुके हैं। ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद की निदेशक डॉ. तनुजा नेसारी की अगुवाई में यह शोध किया जा रहा है। टीम में छह शोधकर्ता शामिल है।