अध्ययनों से पता चलता है कि स्वस्थ जीवन के लिए स्वस्थ बचपन को आधार माना जाता है। जिन बच्चों के पोषण का सही से ध्यान रखा जाता है, उनमें कई तरह की बीमारियों, जटिलताओं आदि का जोखिम कम होता है। यही कारण है कि स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी माता-पिता को अपने बच्चों को स्वस्थ और पौष्टिक आहार देने की सलाह देते हैं। पौष्टिक आहार का मतलब भोजन में विटामिन, खनिज, कार्बोहाइड्रेट, प्रोटीन और विशिष्ट पोषक तत्वों को शामिल करना है। बच्चों के शारीरिक-मानसिक विकास में स्वस्थ आहार की विशेष भूमिका होती है। यह न सिर्फ आपके बच्चे के शारीरिक विकास को बढ़ावा देने में सहायक होंगे साथ ही उन्हें बीमारियों से भी सुरक्षित रखेंगे।
बाल रोग विशेषज्ञ कहते हैं, बच्चों को खाने के लिए क्या दिया जाए, इसके साथ ही इस बात का भी विशेष ध्यान रखना आवश्यक है कि उन्हें किन चीजों से दूर रखा जाए। फास्ट फूड्स, चॉकलेट और कुकीज आदि का बढ़ता सेवन बच्चों में मोटापा, बौद्धिक क्षमता में कमी और कई तरह की अन्य स्वास्थ्य जटिलताओं का कारण बन रहे हैं। आइए आगे विस्तार से जानते हैं कि बढ़ते बच्चों के आहार में किन चीजों को जरूर शामिल किया जाना चाहिए।