हाई ब्लड प्रेशर, वैश्विक स्तर पर तेजी से बढ़ती गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं में से एक है। रक्तचाप बढ़े रहने की समस्या को हृदय रोगों के लिए काफी खतरनाक माना जाता है, पर क्या आप जानते है कि इससे सिर्फ हृदय ही नहीं शरीर के कई अन्य अंगों को भी क्षति होने का जोखिम हो सकता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, जिन लोगों का रक्तचाप अक्सर अनियंत्रित बना रहता है, ऐसे लोगों में किडनी की बीमारियों का खतरा काफी अधिक बढ़ जाता है। यदि समय रहते इसपर ध्यान न दिया जाए और रक्तचाप अक्सर सामान्य से अधिक बना रहे तो इसके कारण कुछ स्थितियों में किडनी फेलियर तक की भी समस्या हो सकती है।
आंकड़े बताते हैं कि पश्चिमी देशों में क्रोनिक किडनी डिजीज के दो-तिहाई से अधिक मामले उच्च रक्तचाप और मधुमेह के कारण होते हैं। भारत में लगभग 40-60% किडनी रोगों के लिए ब्लड प्रेशर बढ़े रहने की समस्या को जिम्मेदार माना जाता है। विशेषज्ञों का कहना है कि किडनी की समस्याएं घातक हो सकती हैं, ऐसे में सभी लोगों को इसके शरीर पर होने वाले गंभीर दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक रहना चाहिए।