वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने साल 2020 का बजट पेश किया। उन्होंने अपने बजट में संस्कृति और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सबसे बड़ी घोषणा की। निर्मला सीतारमण ने वित्त वर्ष 2020-21 में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 2500 करोड़ रुपए खर्च करने का प्रावधान रखा है। उन्होंने कहा कि सरकार पांच पुरातात्विक स्थलों का कायाकल्प करेगी। ये पुरातात्विक स्थल राखीगढ़ी, हस्तिनापुर, शिवसागर, धोलावीरा एवं आदिचेल्लनूर हैं। इन सभी जगहों पर म्यूजियम बनेंगे और इन स्थलों का कायाकल्प होने से यहां पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। दरअसल, इन सभी स्थलों का भारतीय इतिहास, संस्कृति और सभ्यता से गहरा नाता रहा है। इसके अलावा सरकार संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए एक डीम्ड यूनिवर्सिटी भी खोलेगी।