शरीर के सभी अंग स्वस्थ रहें और ठीक तरीके से काम करते रहें, इसके लिए जरूरी है कि रक्त का संचार ठीक तरीके से होता रहे। रक्त के थक्के बनना यानी ब्लड क्लॉटिंग भी ब्लड मैकेनिज्म का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। रक्त के थक्के बनना आपके शरीर का तरीका है जिससे आप किसी चोट आदि की स्थिति में अधिक रक्तस्राव से बच जाते हैं।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, ब्लड क्लॉटिंग (रक्त का थक्का बनना) एक प्राकृतिक प्रक्रिया है जो शरीर को चोट लगने या रक्तस्राव होने पर रक्त को जमाकर सुरक्षा प्रदान करती है। यह प्रक्रिया प्लेटलेट्स और विभिन्न प्रोटीन की सहायता से होती है। हालांकि जब रक्त के थक्के गलत स्थानों पर जैसे नसों या धमनियों में अनावश्यक रूप से बनने लगें तो यह गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, हार्ट अटैक की स्थिति के लिए धमनियों में थक्के बनने की समस्या को एक कारक माना जाता है, जिसको लेकर सभी लोगों को सावधान रहने की आवश्यकता होती है। आइए जानते हैं कि रक्त के थक्के क्यों बनते हैं और इससे बचाव के लिए क्या उपाय किए जा सकते हैं?