फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

स्वाद भी-सेहत भी: कोरोना काल में बेहद फायदेमंद है आम का सेवन, जानिए ऐसे ही पांच फायदे जिनसे आप होंगे अनजान

Sun, 18 Jul 2021 01:21 PM IST
Abhilash Srivastava हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 6
आम खाने के तमाम फायदे (प्रतीकात्मक तस्वीर) - फोटो : istock
इन दिनों आप भी रोज आम खा रहे होंगे। फलों का राजा आम, न सिर्फ अपने लाजवाब स्वाद के लिए लोगों का सबसे पसंदीदा फल है साथ ही इसमें कई ऐसे गुण मौजूद होते हैं, जो हमारे स्वास्थ्य के लिए बेहद फायदेमंद हो सकते हैं। इस लेख में हम आपको आम के ऐसे ही बेहद खास फायदों के बारे में बताने जा रहे हैं जिनसे आप निश्चित ही अनजान होंगे।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं कि आम में मौजूद विटामिन, खनिज और एंटीऑक्सीडेंट हमारे स्वास्थ्य के लिए काफी फायदेमंद हो सकते हैं। कोरोना के इस दौर में जब सभी लोग शरीर की प्रतिरक्षा को बढ़ाने वाले उपायों के बारे में सोच रहे हैं, ऐसे में आम सबसे बेहतर विकल्प हो सकता है। आम का सेवन कई प्रकार के कैंसर को कम करने के साथ हृदय के स्वास्थ्य और पाचन को मजबूती देने में फायदेमंद माना जाता है। प्रोटीन, डाइट्री फाइबर और कई तरह के विटामिन से भरपूर आम, स्वाद और सेहत दोनों के लिए विशेष फायदेमंद हो सकता है।
आइए आगे की स्लाइडों में इससे होने वाले ऐसे ही कुछ विशेष फायदों के बारे में जानते हैं।
विज्ञापन

2 of 6
इम्यूनिटी के लिए बेहद फायदेमंद है आम खाना - फोटो : Pixabay
प्रतिरक्षा प्रणाली को बढ़ाने में मददगार
कोरोना की इन विपरीत परिस्थितियों में हम सभी अपनी इम्यूनिटी को बढ़ाने वाले उपाय ढूंढ रहे हैं, ऐसे में आम सबसे बेहतर विकल्प हो सकता है। आम प्रतिरक्षा-बढ़ाने वाले पोषक तत्वों का एक अच्छा स्रोत हो सकता है। आम (165 ग्राम) से विटामिन ए की दैनिक जरूरतों की 10 फीसदी पूर्ति की जा सकती है। प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूत रखने में विटामिन-ए बेहद आवश्यक माना जाता है, यह शरीर को संक्रमण से लड़ने में मदद करता है।
इसके अलावा, आम की समान मात्रा से विटामिन-सी की लगभग तीन-चौथाई दैनिक आवश्यकताओं को पूरा किया जा सकता है। विटामिन सी, शरीर में सफेद रक्त कोशिकाओं को बढ़ाने में मदद करती है, जो संक्रमण के समय शरीर को सुरक्षित रखने में बेहद सहायक होती हैं।
विज्ञापन

3 of 6
हृदय को स्वस्थ रखने में सहायक है आम - फोटो : Pixabay
हृदय को स्वस्थ रखने में सहायक है आम 
आम में कई ऐसे पोषक तत्व होते हैं जो हृदय को स्वस्थ रखने में सहायक हो सकते हैं। आम को मैग्नीशियम और पोटेशियम से समृद्ध माना जाता है जो पल्स रेट और रक्त वाहिकाओं को स्वस्थ रखने के साथ रक्तचाप के स्तर को नियंत्रित रखने में सहायक हैं। इसके अलावा आम में मैंगिफेरिन नामक एंटीऑक्सीडेंट पाया जाता है, जो हृदय कोशिकाओं को सूजन, ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस और एपोप्टोसिस (सेल डेथ) से बचा सकता है। आम का सेवन ब्लड कोलेस्ट्रॉल और ट्राइग्लिसराइड्स के स्तर को कम कर सकता है। यही कारण है कि आम को हृदय रोगियों के लिए बेहद फायदेमंद फल माना जाता है।

4 of 6
पाचन तंत्र को मजबूती देता है आम - फोटो : Pixabay
पाचन को ठीक करता है आम
आम में ऐसे कई गुण होते हैं जो पाचन को ठीक रखने में सहायक माने जाते हैं। आम में एमाइलेज नामक पाचक एंजाइमों का एक समूह होता है, यह खाद्य अणुओं को आसानी से तोड़कर पाचन में मदद करता है। इसके अलावा चूंकि आम में भरपूर मात्रा में पानी और डाइट्री फाइबर होता है, ऐसे में इसे  कब्ज और दस्त जैसी पाचन समस्याओं को ठीक करने में भी काफी उपयोगी फलों में से एक माना जाता है।
पुरानी कब्ज वाले वयस्कों पर चार सप्ताह के एक अध्ययन में पाया गया कि घुलनशील फाइबर की समान मात्रा वाले पूरक की तुलना में रोजाना आम खाने से लक्षणों में तेजी से सुधार हो सकता है।
विज्ञापन

5 of 6
आंखों को स्वस्थ रखने में मददगार है आम - फोटो : Pixabay
आंखों के लिए बेहद फायदेमंद
आम में मौजूद पोषक तत्व आंखों को स्वस्थ रखने में मदद करते हैं। आम में पाए जाने वाले दो प्रमुख पोषक तत्व एंटीऑक्सिडेंट ल्यूटिन और ज़ेक्सैन्थिन को कई अध्ययनों में आंखों के लिए काफी फायदेमंद पाया गया है। इसके अलावा आम विटामिन-ए का एक अच्छा स्रोत है, जो आंखों को स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। विटामिन ए की कमी के कारण आंखों में सूखापन और रतौंधी की समस्या का खतरा बढ़ जाता है। विटामिन ए की गंभीर कमी, कॉर्नियल स्कारिंग जैसी आंखों की बीमारियां पैदा कर सकती है।
विज्ञापन
विज्ञापन

6 of 6
कई तरह के कैंसर का खतरा होता है कम - फोटो : Pixabay
कई तरह के कैंसर के खतरे को कम कर सकता है आम
आम में कई ऐसे गुण होते हैं जो कैंसर के खतरे को कम कर सकते हैं। जापान में साल 2014 में हुए एक अध्ययन में पाया गया कि आम जैसे कैरोटीनॉयड युक्त फल और सब्जियां कोलन कैंसर के खतरे को कम कर सकती हैं। इसके अलावा, स्किन कैंसर फाउंडेशन का सुझाव है कि बीटा-कैरोटीन युक्त खाद्य पदार्थ त्वचा कैंसर से बचाने में मदद कर सकते है। आम को बीटा-कैरोटीन का अच्छा स्रोत माना जाता है। अध्ययनों का दावा है कि आम का सेवन कई प्रकार के कैंसर के खतरे को कम कर सकता है। 

-------------
स्रोत और संदर्भ: 
What to know about mangoes
Mango: Nutrition, Health Benefits and How to Eat It

अस्वीकरण नोट: यह लेख मेडिकल वेबसाइट्स से एकत्रित की गई जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।  लेख में शामिल सूचना व तथ्य आपकी जागरूकता और जानकारी बढ़ाने के लिए साझा किए गए हैं। ज्यादा जानकारी के लिए आप अपने चिकित्सक से संपर्क कर सकते हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें