फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन का दावा: एवोकाडो का सेवन इस जानलेवा बीमारी के जोखिम को कर देता कम, जानिए इस फल के लाभ

Tue, 05 Apr 2022 06:38 PM IST
अभिलाष श्रीवास्तव हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 5
एवोकाडो के स्वास्थ्य लाभ क्या हैं? - फोटो : Pixabay
शरीर के बेहतर स्वास्थ्य को सुनिश्चित करने के लिए सभी लोगों को आहार में तमाम तरह के फलों को जरूर शामिल करने की सलाह दी जाती है। फलों में कई प्रकार के विटामिन्स, एंटीऑक्सिडेंट्स और पोषक तत्व पाए जाते हैं जो शरीर को गंभीर बीमारियों से बचाने और सेहत को दुरुस्त रखने में मददगार हो सकते हैं। अध्ययनों में कई फलों को सबसे घातक माने जाने वाले हृदय रोग और कैंसर जैसी बीमारियों में भी फायदेमंद पाया गया है। एवोकाडो ऐसा ही एक फल है जिसे वैज्ञानिक सेहत के लिए विशेष लाभप्रद मानते हैं। अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन जर्नल में प्रकाशित एक हालिया अध्ययन में शोधकर्ताओं ने इस फल को कई जानलेवा बीमारियों से सुरक्षा देने वाला बताया है।

शोधकर्ताओं ने अध्ययन में पाया कि यदि आप सप्ताह में दो बार भी एवोकाडो का सेवन करते हैं तो यह आपमें  हृदय रोगों के खतरे को कई गुना तक कम कर सकता है। 1.10 लाख से अधिक प्रतिभागियों पर 30 साल तक किए गए इस अध्ययन में शोधकर्ताओं ने  एवोकाडो फल को सेहत के लिए विशेष लाभप्रद बताया है। आइए आगे की स्लाइडों में इस अध्ययन और एवोकाडो खाने से सेहत को होने वाले फायदों के बारे में विस्तार से जानते हैं।
विज्ञापन

2 of 5
हृदय को स्वस्थ रखता है एवोकाडो - फोटो : Pixabay
हृदय रोगों से बचा सकता है एवोकाडो
अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन के इस अध्ययन में पाया गया कि एवोकाडो का नियमित सेवन आपके लिए विशेष स्वास्थ्यवर्धक हो सकता है। अगर आप एक सप्ताह में कम से कम दो बार भी यह फल खाते हैं तो अन्य लोगों की तुलना में हृदय रोगों का खतरा कम हो सकता है।

अध्ययन में पाया गया कि एवोकाडो फल खाना आपको लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस कराने में सहायक है जिससे आपकी अतिरिक्त खाने की इच्छा कम हो जाती है। ऐसे में यह वजन को कंट्रोल करने में भी फायदेमंद हो सकता है।
विज्ञापन

3 of 5
एवोकाडो को हृदय के लिए पाया गया फायदेमंद - फोटो : Pixabay
अध्ययन में क्या पता चला?
30 वर्षों तक किए गए इस अध्ययन में 30-55 की आयु वाली 68,780 से अधिक महिला और 41,700 से अधिक पुरुष  प्रतिभागियों को शामिल किया। सभी प्रतिभागी अमेरिकी निवासी थे और अध्ययन की शुरुआत में कैंसर, कोरोनरी हृदय रोग और स्ट्रोक जैसी समस्याओं से मुक्त थे।

30 साल के इस शोध में इन प्रतिभागियों में 9,185 कोरोनरी  हार्ट डिजीज और 5,290 स्ट्रोक के मामले दर्ज किए गए। शोध के निष्कर्ष में विशेषज्ञों ने पाया कि जिन प्रतिभागियों में सप्ताह में दो बार भी एवोकाडो का सेवन किया उनमें कई तरह की हृदय से संबंधित समस्याओं का खतरा कम पाया गया।

4 of 5
एवोकाडो फल के लाभ - फोटो : Pixabay
क्या कहते हैं शोधकर्ता?
हार्वर्ड टीएच चेन स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ में प्रोफेसर और अध्ययन के प्रमुख लेखक, लोरेना एस पाचेको कहते हैं, हमारा अध्ययन इस बात का सबूत पेश करता है कि पौधे से प्राप्त असंतृप्त वसा का सेवन आहार की गुणवत्ता में सुधार करने के साथ हृदय रोगों की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।  एवोकाडो जैसे फल इसका बेहतर उदाहरण माने जा सकते हैं।  पिछले 20 वर्षों में अमेरिका में एवोकाडो की खपत तेजी से बढ़ी है। सभी लोगों को इसे आहार में जरूर शामिल करना चाहिए।
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
कई गंभीर रोगों से बचाता है एवोकाडो - फोटो : Pixabay
पोषक तत्वों से भरपूर है एवोकाडो
अध्ययन के आधार पर शोधकर्ताओं का कहना है कि दुनियाभर में तेजी से बढ़ते हृदय रोग, हार्ट अटैक जैसे खतरे को कम करने के लिए सभी लोगों को निरंतर प्रयास करते रहने की आवश्यकता है। एवोकाडो में डाइट्री फाइबर, अनसेचुरेटेड फैट  विशेष रूप से मोनोअनसैचुरेटेड फैट (स्वस्थ वसा) और अन्य अनुकूल घटक होते हैं जो हृदय स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने में आपकी मदद कर सकते हैं। क्लिनिकल परीक्षणों मे पाया गया है कि एवोकाडो, हाई कोलेस्ट्रॉल सहित हृदय संबंधी जोखिम वाले कारकों को कम करने में भी सहायक है।


---------------
स्रोत और संदर्भ
Avocado Consumption and Risk of Cardiovascular Disease in US Adults

अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें