मासिक धर्म चक्र के दौरान शरीर में कई तरह के परिवर्तन महसूस होते रह सकते हैं। कुछ लोगों को इस स्थिति में पेट दर्द, चिड़चिड़ापन, मूड स्विंग जैसी दिक्कत होती है तो कुछ में हार्मोन असंतुलन के कारण गंभीर समस्याएं भी हो सकती हैं। पीरियड्स के दौरान शरीर पर दाने निकलना या फिर रैशेज की दिक्कत होना इसी तरह की समस्या है। यदि आपको भी बार-बार इस तरह की समस्या होती रहती है तो इस बारे में किसी महिला रोग विशेषज्ञ से जरूर मिलें, कुछ स्थितियों में यह ऑटोइम्यून प्रोजेस्टेरोन डर्मेटाइटिस की समस्या का संकेत हो सकता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, वैसे तो शरीर पर दाने निकलना या रैशेज होना सामान्य है, यह कुछ प्रकार की एलर्जी के कारण हो सकता है। पर अगर आपको पीरियड्स के दौरान ही इस तरह की दिक्कत हो रही है और यह पीरियड्स खत्म होने के साथ ठीक हो जाती है, तो इस बारे में सावधानी रखने की आवश्यकता होती है। आइए जानते हैं कि इस तरह की समस्या के क्या कारण होते हैं?