आर्थराइटिस या गठिया, जोड़ों में दर्द और सूजन का कारण बनने वाली एक सामान्य समस्या है। इंफ्लामेंशन की प्रतिक्रिया में शरीर द्वारा उत्पन्न रसायन अक्सर सूजन का कारण बनते हैं। गठिया से पीड़ित लोगों को सामान्य गतिविधियों को करने में भी दर्द का अनुभव होता रह सकता है। सामान्य तौर पर जीवनशैली की गड़बड़ आदतों को गठिया का प्रमुख कारण माना जाता है, इसके अलावा कुछ लोगों में इसका आनुवांशिक जोखिम भी हो सकता है। गठिया की समस्या आपके सामान्य कामकाज को प्रभावित कर देती है, ऐसे में सभी लोगों को इससे बचाव के निरंतर उपाय करते रहने चाहिए।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों की मानें तो समय के साथ लोगों में बढ़ती शारीरिक निष्क्रियता और आहार में पौष्टिकता की कमी के कारण गठिया के मामले पहले की तुलना में काफी बढ़ गए हैं। इसके अलावा जंक और प्रोसेस्ड खान-पान का भी इसमें मुख्य रोल माना जाता है। डॉक्टर्स के मुताबिक एक समय तक इसे उम्र बढ़ने के साथ होने वाली समस्या के तौर पर देखा जाता था, वहीं अब 40 से कम आयु वाले लोग भी इसके शिकार हो रहे हैं। आइए जानते हैं कि कैसे गड़बड़ आदतें आर्थराइटिस का कारण बन सकती हैं, जिनको लेकर विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है?