वजन को कंट्रोल में रखना, मौजूदा समय में तेजी से बढ़ती कई स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव के लिए बहुत आवश्यक है। यदि आपका वजन अधिक है या फिर मोटापे के शिकार हैं तो यह स्थिति कई क्रोनिक बीमारियों जैसे हृदय रोग, ब्लड प्रेशर, डायबिटीज की समस्या का कारण बन सकती है। यही कारण है कि इसे कंट्रोल में रखने के उपाय करते रहने की सलाह दी जाती है। पर ध्यान रहे, यह प्रयास कहीं जुनून न बन जाए? इस स्थिति को एनोरेक्सिया की समस्या कहा जाता है, जो और गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकती है।
एनोरेक्सिया एक प्रकार का ईटिंग डिसऑर्डर है, जिसमें वजन बढ़ने के डर के कारण लोग खाना ही छोड़ देते हैं। एनोरेक्सिया से पीड़ित लोग अपने वजन और शरीर के आकार को नियंत्रित करने के लिए अत्यधिक प्रयास करते हैं, जो उनके जीवन में महत्वपूर्ण रूप से समस्याओं का कारण बन सकती है। वजन कम करने के चक्कर में खाना छोड़ने या फिर बहुत अधिक वजन घटा लेने के कई गंभीर दुष्प्रभाव हो सकते हैं। कहीं आपको भी तो ऐसे दिक्कत नहीं है?