जम्मू-कश्मीर में चढ़ता पारा नए रिकॉर्ड बना रहा है। राजधानी जम्मू और श्रीनगर में बुधवार को सीजन का सबसे गर्म दिन बीता। जम्मू में दिन का तापमान सामान्य से 3.0 डिग्री चढ़कर 42.7 और श्रीनगर में सामान्य से 6.8 डिग्री चढ़कर 34.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन के साथ रातें भी तप रही हैं। कश्मीर के अधिकांश जिलों में दिन का तापमान सामान्य से 6-8 डिग्री और जम्मू संभाग में सामान्य से 3-5 डिग्री ऊपर चल रहा है।
मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार गुरुवार को भी कश्मीर में गर्म हवाएं चलने का सिलसिला जारी रहेगा, लेकिन 12-13 जून को बारिश के साथ राहत मिल सकती है। इस दौरान 30-40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। जम्मू में बुधवार को सूर्य की पहली किरण के साथ ही गर्मी ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया था। दिन चढ़ने के साथ तपिश भी बढ़ती गई। लू के थपेड़ों से हर कोई परेशान था। भीषण गर्मी से बाजारों में दिन के समय रौनक गायब हुई है।