बे-मौसम बर्फबारी जम्मू-कश्मीर के सेब बागानों पर कहर बन कर टूटी है। बाहर से आने वाले पयर्टकों के लिए यह भले ही रोमांच हो परंतु स्थानीय बागवान बदहवास हैं। रविवार को इस बर्फबारी के बाद बगान में सेब देखने पहुंचा बागवान झार-झार रोने लगा। कई फुट ऊंचाई तक जमा बर्फ के नीचे दबे सेबों को वह हाथ से खोद कर निकालने लगा। इस दृश्य ने वहां मौजूद लोगों को दहला दिया। बर्फ के नीचे सेब नहीं बल्कि उस बागबान की सारी उम्मीदें दफन हो चुकी थीं जो उसने इस बार की पैदावार से लगा रखी थी।
करोड़ों के नुकसान का अंदेशा है। जेएंडके किसान तहरीक ने करीब एक हजार करोड़ के नुकसान का अंदेशा जताया है। पूर्व सीएम महबूबा मुफ्ती और उमर अब्दुल्ला ने प्रशासन को नुकसान का जायजा लेने की मांग की है। वहीं, गवर्नर के सलाहकार खुर्शीद अहमद गनई ने बागवानी विभाग को नुकसान के आकलन और जिलावार सूची तैयार करने के निर्देश दिए हैं।