जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर सहित पूरे कश्मीर में बर्फबारी शुरू हो गई है। ताजा बर्फबारी के चलते श्रीनगर एयरपोर्ट बंद कर दिया गया है। श्रीनगर से सभी उड़ान रद्द कर दी गई हैं। मौसम विभाग की माने तो पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी के बाद जम्मू संभाग के अधिकांश हिस्सों में रात के पारे में गिरावट दर्ज की जा सकती है। यहां न्यूनतम पारा सामान्य से 1 से 4 डिग्री नीचे चल रहा है। कश्मीर संभाग में भी रात का तापमान सामान्य से कई डिग्री नीचे चल रहा है। घाटी में शीत लहर जारी है। मौसम विभाग ने पहले ही इस बात का अनुमान लगाया हुआ था कि बुधवार को जम्मू, कश्मीर और लद्दाख के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। 19 से 21 जनवरी को भी मौसम बिगड़ने के आसार हैं। इसके चलते उत्तरी भारत में ठंड बढ़ने के आसार हैं। जिसका सीधा असर दिल्ली, पंजाब, हरयाणा और उत्तर प्रदेश में देखने को मिलेगा।
जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग एकतरफा है। मंगलवार को जम्मू से श्रीनगर के लिए वाहन रवाना किए गए। इससे हाईवे पर जाम की स्थिति बनी हुई है। राजोरी, पुंछ को शोपियां (कश्मीर) से जोड़ने वाला मुगल रोड पहले से ही बंद चल रहा है।
घाटी में खिली धूप
कश्मीर में बुधवार दूसरे दिन भी धूप खिली रही। घाटी के कई हिस्सों में पारे में गिरावट से कई जलाशय समेत जम गए हैं। ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में दिन का तापमान सामान्य से 0.7 डिग्री गिरकर 5.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
भद्रवाह सबसे ठंडा
जम्मू संभाग में मौसम साफ रहा। लेकिन खिली धूप के साथ बर्फीली हवाओं का असर भी दिखा। रात को कड़ाके की ठंड जारी है। जम्मू में सोमवार रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.5 डिग्री गिरकर 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि दिन का तापमान सामान्य से 0.6 डिग्री चढ़कर 18.5 डिग्री दर्ज किया गया।जम्मू संभाग में डोडा जिले की भद्रवाह तहसील में न्यूनतम तापमान माइनस1.6 रहा। माता वैष्णो देवी के बेस स्थल कटड़ा में न्यूनतम तापमान 5.3 जिग्री, बनिहाल में 3.2 डिग्री तथा बटोत में 1.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
स्थान न्यूनतम तापमान
कारगिल माइनस 19.2
लेह माइनस 17.5
पहलगाम माइनस 12.3
गुलमर्ग माइनस 10.0
श्रीनगर माइनस 5.8