श्रीनगर समेत कश्मीर के अधिकतर क्षेत्रों में बुधवार सुबह हल्की से मध्यम बर्फबारी हुई। इसके चलते श्रीनगर एयरपोर्ट पर सुबह की आठ उड़ानें रद्द कर दी गईं। रनवे से बर्फ साफ करने के बाद यहां पहली उड़ान सुबह 9:25 बजे उतरी। इस बीच, बनिहाल-काजीगुंड के बीच जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग से भी बर्फ हटाकर यातायात दोनों तरफ से बहाल कर लिया गया। इसी के साथ कश्मीर का शेष देश से सड़क संपर्क बहाल हो गया। दो दिन से राजमार्ग बंद था और सैकड़ों वाहनों में स्थानीय लोग व पर्यटक फंसे थे।
तीन दिन से घाटी में पहाड़ों के साथ मैदानी इलाकों में भी बर्फबारी ने कंपकपी छुड़ा रखी थी। बुधवार को सुबह तक हल्की बर्फबारी हुई। उसके बाद मौसम खुल गया। लगातार बर्फबारी होने से अधिकांश क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। अधिकतर ग्रामीण संपर्क मार्ग अवरुद्ध हैं। मुगल राेड, श्रीनगर-लेह राजमार्ग, किश्तवाड़-सिंथन-अनंतनाग रोड और श्रीनगर-सोनमर्ग-गुमरी रोड भी बर्फबारी के कारण बंद हैं।
जम्मू संभाग के किश्तवाड़ जिले में भूस्खलन में भेड़ और बकरियों सहित दर्जनों मवेशियों की मौत हो गई। ये भूस्खलन हस्ती ब्रिज के पास हुआ। उस समय चरवाहे अपने मवेशियों के साथ वहां से गुजर रहे थे। चरवाहे बाल-बाल बच गए। मवेशी मलबे के नीचे दबे हैं।