चीन के साथ तनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को ग्राउंड जीरो पर तैनात भारतीय जवानों का हौसल बढ़ाने लेह पहुंचे। उन्होंने जवानों से कहा कि उनका मां भारती के प्रति समर्पण अतुलनीय है। उन्होंने सेना, वायुसेना, आईटीबीपी और सिविल एडमिनिस्ट्रेशन के अधिकारियों के साथ बैठकें भी कीं।
प्रधानमंत्री के पहुंचने पर जवानों में जोश भर गया। भारत माता की जय, वंदे मातरम के जैकारे गूंजने लगे। प्रधानमंत्री ने भी एलएसी पर तैनात जवानों का अभिनंदन करते हुए कहा, जिन कठिन परिस्थितियों में और जिस ऊंचाई पर आप मां भारती की ढाल बनकर उसकी रक्षा और सेवा करते हैं उसका मुकाबला पूरे विश्व में कोई भी नहीं कर सकता। आपका साहस उस ऊंचाई से भी ऊंचा है जहां आप तैनात हैं। आपकी भुजाएं उन चट्टानों जैसी मजबूत हैं जो आपके इर्द-गिर्द खड़ी हैं।
आपकी इच्छा शक्ति आसपास के पर्वतों जितनी अटल है। आज आपके बीच आकर मैं इसे महसूस कर रहा हूं, साक्षात अपनी आंखों से देख रहा हूं। उन्होंने कहा, साथियों जब देश की रक्षा आपके हाथों और आपके मजबूत इरादों में है तो अटूट विश्वास मुझे नहीं बल्कि पूरे देश को है और देश निश्चिंत भी है। आत्मनिर्भर भारत का संकल्प आप लोगों के त्याग, बलिदान के कारण और मजबूत होता है।