दृष्टिहीन सुकृति ने हासिल किए 98 फीसदी अंक
एसपी स्मार्ट स्कूल में पढ़ने वाली सुकृति आनंद ने ह्यूमैनिटीज संकाय में 98 फीसदी अंक हासिल किए हैं। सुकृति दिव्यांग हैं, उन्होंने कहा कि शरीरिक अक्षमता किसी को भी उसके सपनों को पाने से नहीं रोक सकती है। उन्होंने कहा कि स्कूल की ओर से नियमित रूप से ऑनलाइन पढ़ाई होती थी। परिवार, स्कूल और शिक्षकों का बेहतर सहयोग मिलने से इस कामयाबी को हासिल कर पाई हूं। मैं यूपीएसई करना चाहती हूं और अब डीयू दिल्ली से अपनी आगे की पढ़ाई करूंगी।
मेरिट सूची में सरकारी स्कूल के बच्चों का भी रहा दबदबा
कोरोना के कारण स्कूल बंद रहे और इसका सबसे ज्यादा असर सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों पर पड़ा। संसाधनों की कमी के कारण बच्चों के लिए ऑनलाइन पढ़ाई काफी कठिन रही है, लेकिन सरकारी स्कूलों के बच्चों ने इस मुश्किल समय में न सिर्फ अपनी मेहनत के दम सफलता हासिल की बल्कि मेरिट सूची में अपना स्थान दर्ज करवाया।
संकाय वार मेरिट की सूची की बात करें तो इस बार विज्ञान संकाय में मेरिट सूची में नाम दर्ज कराने वालों में सौ से अधिक परीक्षार्थी सरकारी स्कूलों से हैं। वहीं कला वर्ग में 33, कॉमर्स में 32, और होमसाइंस में सभी पांचों छात्राएं सरकारी स्कूलों से ही हैं।
वहीं मेरिट सूची में टॉप तीन में स्थान हासिल करने वाले सरकारी स्कूलों की बात करें तो कॉमर्स संकाय के टॉप तीन में 3, सांइस में 16, कॉमर्स में 4 परीक्षार्थी शामिल हैं, जो पिछले वर्ष की तुलना में अधिक है।