श्रीनगर में पकड़ी आईईडी
- फोटो : संवाद
श्रीनगर के रंगरेथ इलाके में 10 किलो आईईडी छिपाकर रखी गई थी
प्रतिबंधित संगठन लश्कर-ए-ताइबा के तीन हाइब्रिड आतंकियों को मंगलवार को सुरक्षाबलों ने गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10 किलो आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) व दो हैंड ग्रेनेड बरामद किए हैं। पकड़े गए आतंकियों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि श्रीनगर के हरनामबल इलाके में मंगलवार को चेकिंग के दौरान दो हाइब्रिड आतंकियों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली। इनकी पहचान बडगाम के इकबालाबाद सोजैथ के आमिर मुश्तार डार व श्रीनगर के सिकॉप मोहल्ला एचएमटी के काबिल राशिद के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से दो हैंड ग्रेनेड बरामद किए गए।
पूछताछ में उन्होंने अपने साथी सोजैथ निवासी आकिब जमाल के बारे में बताया। उसे भी छापा मारकर गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी निशानदेही पर रंगरेथ इलाके से 10 किलो की आईईडी बरामद की गई। पुलिस ने बताया कि पूछताछ में यह जानकारी हासिल करने की कोशिश की जा रही है कि रंगरेथ में किस मकसद से आईईडी छिपाकर रखी गई थी। ज्ञात हो कि रंगरेथ में जैकलाई का सेंटर तथा पास में ही एयरपोर्ट भी है।