छत्तीसगढ़ में नक्सलियों और सुरक्षाबलों के बीच हुई मुठभेड़ में कोबरा कमांडो राजेश्वर सिंह मन्हास लापता हैं। वह जम्मू संभाग की खोड़ तहसील के रहने वाले हैं। बेटे के लापता होने की खबर मिलते ही परिवार सहित पूरे इलाके में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के सदस्यों को बिलखते हुए देखकर राजेश्वर की पांच साल की बेटी अपनी मां से बार-बार एक ही सवाल कर रही है कि पापा कब आएंगे। उधर, कोबरा कमांडो की पत्नी ने सरकार से पति की रिहाई के लिए विनती की है।