जम्मू में बारिश के बीच सड़क पार करते लोग
- फोटो : अमर उजाला
जम्मू-कश्मीर में वीरवार को मानसून की बारिश आफत लेकर आई। रामबन के मेहाड़ इलाके में बादल फटने से नाले में आई बाढ़ में एक महिला और बच्चा बह गए। दोनों को खोजने के लिए पुलिस, एसडीआरएफ और सिविल क्यूआरटी ने बचाव अभियान चलाया, लेकिन देर शाम तक कुछ पता नहीं लग पाया था। सांबा नए बस अड्डे के पास नाले में भी एक महिला बह गई। बाड़ी ब्राह्मणा, सांबा के बरोड़ी क्षेत्र में पुलिया के तेज बहाव में सेंट्रल यूनिवर्सिटी जम्मू का एक स्कॉलर बह गया। रामबन के मेहाड़ और कैफेटेरिया मोड़ पर पहाड़ों से पत्थर गिरने और भूस्खलन के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे टीसीयू जम्मू से पुष्टि के बिना जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रा न करें। उधर, श्री माता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटड़ा में दिनभर बारिश से कटड़ा-सांझीछत चापर सेवा बाधित रही। बारिश से प्रभावित कई इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित है।