कश्मीर घाटी में सुरक्षाबलों ने तीन दिन में दस आतंकवादियों को ढेर कर दिया है। इनमें जैश-ए-मोहम्मद के 3 और लश्कर-ए-तैयबा के 7 आतंकी शामिल हैं। सुरक्षा बलों ने कश्मीरी अभिनेत्री अमरीन भट्ट की हत्या करने वाले दोनों आतंकियों को भी मौत के घाट पर उतार दिया है।
शुक्रवार सुबह श्रीनगर के सौरा इलाके में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ के दौरान लश्कर-ए-तैयबा के 2 आतंकी मार गिराए। दोनों आतंकियों की पहचान शाकिर अहमद वाजा और आफरीन आफताब मलिक के रूप में हुई है। दोनों शोपियां के रहने वाले थे। उनके पास से हथियार और गोला-बारूद सहित आपत्तिजनक सामग्री बरामद बी बरामद की गई है।
इससे पहले गुरुवार रात दक्षिण कश्मीर में पुलवामा के अवंतीपोरा में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ में दो दहशतगर्दों का खात्मा कर दिया गया। जम्मू कश्मीर पुलिस के आईजी विजय कुमार ने बताया कि अवंतीपोरा में मारे गए कश्मीरी अभिनेत्री अमरीन भट्ट की हत्या में शामिल थे। दोनों की पहचान शाहिद मुश्ताक भट निवासी बडगाम और फरहान हबीब निवासी हकरीपोरा पुलवामा के रूप में हुई है। उन्होंने लश्कर के कमांडर लतीफ के निर्देश पर टीवी कलाकार की हत्या कर दी थी। उनके पास से एक एके 56 राइफल, 4 मैगजीन और एक पिस्टल बरामद की गई है।
इससे पहले उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) से घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करते हुए सुरक्षाबलों ने तीन पाकिस्तानी आतंकियों को मार गिराया। तीनों लश्कर-ए-ताइबा के दहशतगर्द थे। मारे गए आतंकियों से 3 एके राइफल, 12 मैगजीन, एक पिस्टल, 2 मैगजीन, छह ग्रेनेड, आईईडी बनाने की सामग्री और 3 मोबाइल फोन के साथ खाने-पीने का सामान भी बरामद किया गया है। इस दौरान क्रॉस फायरिंग में एक पोर्टर की भी मौत हो गई। पिछले 24 घंटे के भीतर उत्तरी कश्मीर में छह पाकिस्तानी आतंकियों को ढेर करने में सफलता हाथ लगी है। इससे पहले बुधवार को बारामुला जिले में तीन पाकिस्तानी आतंकियों को मार गिराया गया था।