फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amar Ujala Top News: दिल्ली मेयर चुनाव के लिए मतदान आज, आतंकी संगठन टीआरएफ पर लगा प्रतिबंध, पढ़ें अहम खबरें

Fri, 06 Jan 2023 07:07 AM IST
वीरेंद्र शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 12
Amar Ujala Top News - फोटो : Amar Ujala Top News
दिल्ली की मिनी सरकार को आज नया बॉस मिल जाएगा। एकीकृत नगर निगम की पहली बैठक में नवनिर्वाचित पार्षदों को शपथ दिलाने के बाद महापौर, उपमहापौर और स्थायी समिति के सदस्यों का चुनाव होगा। पूर्ण बहुमत हासिल करने वाली आम आदमी पार्टी ने पार्षद शैली ओबेरॉय को मेयर प्रत्याशी बनाया है जबकि भाजपा की ओर से रेखा गुप्ता मैदान में हैं। वहीं, भारत सरकार ने आतंकवादी समूह द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) पर प्रतिबंध लगा दिया है। टीआरएफ पाकिस्तान आधारित प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का मुखौटा समूह है। यह जम्मू-कश्मीर में कई लक्षित हत्याओं में शामिल रहा है। उधर, गिरते पारे के साथ समूचा उत्तर भारत कड़ाके की ठंड की गिरफ्त में जकड़ा हुआ है। राजधानी में पारा बृहस्पतिवार को लुढ़क कर तीन डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने से दिल्ली कई पहाड़ी क्षेत्रों से भी अधिक सर्द रही। कल से राहत की उम्मीद है। ऐसी ही देश-दुनिया की अहम खबरें पढ़ें एक ही जगह और एक ही क्लिक पर.. 

 
विज्ञापन

दिल्ली में महापौर, उपमहापौर का आज चुनाव 

2 of 12
Civic Centre complex in Delhi - फोटो : सोशल मीडिया
दिल्ली की मिनी सरकार को शुक्रवार नया बॉस मिल जाएगा। एकीकृत नगर निगम की पहली बैठक में नवनिर्वाचित पार्षदों को शपथ दिलाने के बाद महापौर, उपमहापौर और स्थायी समिति के सदस्यों का चुनाव होगा। पूर्ण बहुमत हासिल करने वाली आम आदमी पार्टी ने पार्षद शैली ओबेरॉय को मेयर प्रत्याशी बनाया है जबकि भाजपा की ओर से रेखा गुप्ता मैदान में हैं। वहीं, उपमहापौर पद के चुनाव में आप ने आले मोहम्मद इकबाल और भाजपा ने कमल बागड़ी को उम्मीदवार बनाया है। सियासी अंकगणित आप के पक्ष में है। इसके हिसाब से उसकी दावेदारी पक्की मानी जा रही है। दूसरी तरफ सदन से चुने जाने वाले स्थायी समिति के छह सदस्यों के चुनाव में भी आप व भाजपा आमने-सामने है। यहां पढ़ें पूरी खबर


 
विज्ञापन

आतंकवादी समूह द रेजिस्टेंस फ्रंट पर प्रतिबंध 

3 of 12
गृह मंत्रालय - फोटो : ANI
भारत सरकार ने आतंकवादी समूह द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) पर प्रतिबंध लगा दिया है। टीआरएफ पाकिस्तान आधारित प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का मुखौटा समूह है। यह जम्मू-कश्मीर में कई लक्षित हत्याओं में शामिल रहा है। गृह मंत्रालय ने गुरुवार को टीआरएफ पर प्रतिबंध लगाने की अधिसूचना जारी की। साथ ही गृह मंत्रालय ने TRF के कमांडर शेख सज्जाद गुल को भी गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम 1967 के तहत आतंकवादी घोषित किया है। यहां पढ़ें पूरी खबर




 

समूचा उत्तर भारत कड़ाके की ठंड की गिरफ्त में

4 of 12
(सांकेतिक तस्वीर) - फोटो : सोशल मीडिया
गिरते पारे के साथ समूचा उत्तर भारत कड़ाके की ठंड की गिरफ्त में है। राजधानी में पारा बृहस्पतिवार को लुढ़क कर तीन डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने से दिल्ली कई पहाड़ी क्षेत्रों से भी अधिक सर्द रही। कल से राहत की उम्मीद है। मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के चलते सात जनवरी से उत्तर-पश्चिम भारत से हालात सुधरने शुरू होंगे। पहाड़ों से आती बर्फीली हवाओं ने मैदानी क्षेत्र में लोगों को घर में दुबकने को मजबूर कर दिया। यहां पढ़ें पूरी खबर

 
विज्ञापन

जोशीमठ में हो रहे भू धंसाव मामले में सीएम ने बुलाई बैठक

5 of 12
सीएम पुष्कर सिंह धामी - फोटो : अमर उजाला
जोशीमठ में हो रहे भू धंसाव मामले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज शुक्रवार को उच्चस्तरीय बैठक बुलाई है। राज्य सचिवालय में होने वाली इस बैठक में जोशीमठ में प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और नगर के पुनरोद्धार कार्ययोजना पर बड़े निर्णय हो सकते हैं। इसके बाद मुख्यमंत्री शनिवार को जोशीमठ ग्राउंड जीरो पर जाकर हालात का जायजा लेंगे। गुरुवार को मुख्यमंत्री ने सचिव आपदा प्रबंधन डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा को एक विशेषज्ञ दल गठित कर प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर अध्ययन करने के निर्देश दिए थे। विशेषज्ञ दल जोशीमठ पहुंच गया है। यहां पढ़ें पूरी खबर

 
विज्ञापन

कंझावला कांड में नया खुलासा  

6 of 12
कंझावला कांड - फोटो : अमर उजाला
कंझावला कांड में रोज नए खुलासा हो रहे हैं। हादसे के बाद ही आरोपियों ने कार मालिक को घटना की जानकारी दे दी थी। एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है जिसमें दिख रहा है कि सभी आरोपी कार से उतरने के बाद ऑटो से भागे थे। ऑटो वहां पहले से खड़ा था, जिसमें बैठकर सभी आरोपी फरार हो गए। कार से नीचे उतरने के बाद आरोपी मनोज मित्तल ने कार के पीछे झुककर भी देखा था।  यहां पढ़ें पूरी खबर

 
विज्ञापन

11 दिनों में विदेश से आए 124 लोग संक्रमित 

7 of 12
कोविड टेस्ट लैब (सांकेतिक) - फोटो : सोशल मीडिया
पिछले 11 दिनों में विदेश से आए नौ लाख में से पांच हजार यात्रियों की हवाईअड्डों पर जांच हुई जिनमें 124 लोग कोरोना संक्रमित मिले। विदेश से आने वाले 14 यात्रियों में चीन और यूरोप में तबाही मचा रहे स्वरूप मिले हैं। गुरुवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने अलग-अलग देशों से भारत पहुंचे यात्रियों की जानकारी साझा करते हुए बताया कि भारत आए संक्रमित यात्रियों में सर्वाधिक एक्सबीबी वैरिएंट मिला है जो कोरोना वायरस के ओमिक्रॉन वैरिएंट से निकला है। 
यहां पढ़ें पूरी खबर

 

अमेरिका ने दी यूक्रेन को फिर बड़ी मदद 

8 of 12
Bradley vehicles - फोटो : सोशल मीडिया
रूस के यूक्रेन में दो दिन के युद्धविराम की घोषणा के बाद अमेरिका ने बड़ी घोषणा की है। अमेरिका युद्धग्रस्त यूक्रेन को करीब तीन अरब डॉलर की सैन्य सहायता भेजेगा, जिसमें पहली बार कई दर्जन ब्रैडली लड़ाकू वाहन शामिल होंगे। पिछले महीने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की की वॉशिंगटन की यात्रा के बाद इस सहायता की घोषणा की गई। अमेरिकी अधिकारियों ने गुरुवार को कहा कि बाइडन प्रशासन का घातक और शक्तिशाली हथियार भेजने का नया कदम यूक्रेन को रूसी सेना को पीछे हटाने में मदद करने के लिए है। यहां पढ़ें पूरी खबर

 

पाकिस्तान पत्रकारों के लिए सबसे खतरनाक देशों में एक 

9 of 12
Pak Journalist Arshad Sharif killed in Kenya - फोटो : social media
पाकिस्तान पत्रकारों के लिए सबसे खतरनाक देशों में से एक बना हुआ है। रिपोर्टर्स विदाउट बॉर्डर्स (Reporters Without Borders) की रिपोर्ट के अनुसार, भारत उन देशों की सूची में 5वें स्थान पर है जहां प्रेस की स्वतंत्रता खतरे में है। रिपोर्ट में कहा गया है कि पाकिस्तान में 2003 से अब तक 93 पत्रकारों की हत्याएं हुई हैं। पाक मीडिया में कहा गया है कि पाकिस्तान की यह स्थिति देश के नेताओं के लिए अपमान का क्षण है। साथ ही यह पाकिस्तान के कमजोर लोकतंत्र का सबूत है। पाकिस्तान उन देशों की सूची में आता है जहां कोई युद्ध नहीं चल रहा है, फिर भी देश में पत्रकारों के लिए सुरक्षित माहौल नहीं है।  यहां पढ़ें पूरी खबर
 

फ्रांस ने यूएनएससी की स्थायी सदस्यता के लिए भारत का किया समर्थन 

10 of 12
Emmanuel Bonne - फोटो : ANI
फ्रांस ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की स्थायी सदस्यता के लिए भारत के समर्थन को दोहराया। फ्रांस के राष्ट्रपति के राजनयिक सलाहकार इमैनुएल बोने ने कहा कि उनका देश संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की स्थायी सदस्यता के लिए भारत का समर्थन करता है। उन्होंने बताया कि फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों साल की पहले छमाही में भारत आ सकते हैं। इससे पहले भारत और फ्रांस ने गुरुवार को सामरिक वार्ता की। इस दौरान वैश्विक सुरक्षा स्थिति, यूक्रेन संघर्ष, अफगनिस्तान की स्थिति, हिन्द प्रशांत क्षेत्र में रक्षा सहयोग सहित कई मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। यहां पढ़ें पूरी खबर
 

श्रीलंका ने भारत को 16 रन से हराया 

11 of 12
भारत बनाम श्रीलंका - फोटो : सोशल मीडिया
भारत और श्रीलंका के बीच टी20 सीरीज के दूसरे मैच में श्रीलंका ने भारत को 16 रन से हरा दिया। इसके साथ ही श्रीलंकाई टीम ने तीन मैच की सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है। इस मैच में श्रीलंका ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 206 रन बनाए थे। इसके जवाब में भारतीय टीम 190 रन ही बना पाई और मैच हार गई। श्रीलंका के लिए कप्तान दसून शनाका और कुशल मेंडिस ने अर्धशतक लगाए। जवाब में भारत के अक्षर पटेल और सूर्यकुमार यादव ने भी अर्धशतक लगाए। हालांकि, सूर्या और अक्षर के बीच 91 रन की साझेदारी भारत के काम नहीं आई। यहां पढ़ें पूरी खबर

 
विज्ञापन

माघ मेले का आगाज 

12 of 12
Prayagraj News : माघ मेले की जोरशोर से चल रही तैयारी। - फोटो : अमर उजाला।
ठिठुरन में पौष पूर्णिमा स्नान के लिए बृहस्पतिवार को आस्था का रेला उमड़ पड़ा। कंपा देने वाली ठंड में आधी रात से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु संगम तट पहुंचने लगे। शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा के बीच संगम समेत गंगा के 14 घाटों पर प्रथम पुण्य की डुबकी के साथ माघ मेले का आगाज हो जाएगा। प्रवेश द्वारों पर कोविड डेल्प डेस्क लगा दी गई है। घाटों पर मदद के लिए मेला मित्र तैनात रहेंगे। यहां पढ़ें पूरी खबर
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें