फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Top News: अमर उजाला संवाद आज, देहरादून में जुटेंगे दिग्गज, ट्रंप ने फिर दी ईरान को धमकी; पढ़ें सुर्खियां

Wed, 24 Jun 2026 05:49 AM IST
निर्मल कांत न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली।
विज्ञापन
1 of 11
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक
देहरादून में आयोजित अमर उजाला संवाद में आज उत्तराखंड के विकास, निवेश, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और नई तकनीकों पर मंथन होगा। वहीं, अमेरिका-ईरान के बीच शांति समझौते पर फिर संकट के संकेत मिले हैं और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने परमाणु निरीक्षण को लेकर तेहरान को चेतावनी दी है। देश में एक ओर कई राज्यों में भारी बारिश और आंधी का असर है, तो दूसरी ओर कई इलाके लू से जूझ रहे हैं। हालांकि, मानसून के जल्द उत्तर प्रदेश पहुंचने की उम्मीद है। सीयूईटी-यूजी में दिल्ली की देविना गहलोत ने चार विषयों में 100 पर्सेंटाइल हासिल कर देश में शीर्ष स्थान पाया। एक अध्ययन में पाया गया कि आग लगने पर युवा अक्सर निर्णय लेने में देरी करते हैं, जबकि बुजुर्ग तुरंत सुरक्षित स्थान की ओर बढ़ते हैं। खेल की दुनिया की बात करें तो फीफा विश्व कप में क्रिस्टियानो रोनाल्डो के दो गोल की मदद से पुर्तगाल ने उज्बेकिस्तान को 5-0 से हराया। वैष्णो देवी यात्रा ने छह माह में 50.70 लाख श्रद्धालुओं के साथ नया रिकॉर्ड बनाया है। वहीं, देश के कई राज्यों में सामान्य से कम बारिश ने सूखे और महंगाई की चिंता बढ़ा दी है। एक क्लिक में पढ़ें देश-दुनिया की खबर-
 
विज्ञापन

2 of 11
अमर उजाला संवाद देहरादून - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
Amar Ujala Samvad: आज देहरादून में जुटेंगी विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी हस्तियां, देवभूमि के विकास पर होगा मंथन
देवभूमि के विकास पर एक बार फिर मंथन करने जा रहा है अमर उजाला संवाद का मंच। कार्यक्रम में अलग-अलग क्षेत्रों की हस्तियां शामिल होंगी। 24 जून को देहरादून में आयोजित होने जा रहा अमर उजाला संवाद का यह मंच विचारों और अनुभवों को जोड़ने का प्रयास करेगा। हरिद्वार बाईपास रोड स्थित होटल गेटवे (सरोवर प्रीमियर) में होने वाला यह आयोजन उत्तराखंड के वर्तमान और भविष्य पर केंद्रित रहेगा। दिनभर चलने वाले 8 से अधिक सत्रों में राज्य के विकास मॉडल, निवेश, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, ऊर्जा, खेल, मनोरंजन, सोशल मीडिया और कृत्रिम बुद्धिमत्ता से जुड़े अवसरों पर चर्चा होगी। उद्देश्य केवल बात करना नहीं, बल्कि उन प्रश्नों को सामने लाना है जो आने वाले वर्षों में उत्तराखंड की दिशा तय करेंगे। पढ़ें पूरी खबर
विज्ञापन

3 of 11
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक
संकट में शांति समझौता: 'परमाणु निरीक्षण से किया इनकार तो रद्द कर दूंगा बैठकें', ट्रंप ने फिर दी ईरान को धमकी
पश्चिम एशिया में अमेरिका-ईरान समझौते के तहत तीन महीने से ज्यादा समय बाद आई शांति पर फिर संकट के बादल गहराने लगे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि अगर ईरान अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) को अपने परमाणु कार्यक्रम का निरीक्षण करने की अनुमति नहीं देता है, तो वह तेहरान के साथ चल रही तकनीकी वार्ताओं से जुड़ी बैठकों को रद्द कर देंगे। पढ़ें पूरी खबर

4 of 11
मानसून तेजी से बढ़ा आगे - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स/एएनआई
Weather Updates: कहीं भारी बारिश-आंधी के आसार, तो कहीं झुलसाएगी लू; तीन-चार दिन में यूपी में दस्तक देगा मानसून
देश में मौसम में इस समय जबरदस्त विरोधाभास देखने को मिल रहा है। एक तरफ जहां दक्षिण और पूर्वी भारत के कई राज्यों में मूसलाधार बारिश और आंधी-तूफान ने तबाही मचाई है। वहीं दूसरी ओर मध्य और उत्तर भारत के कुछ इलाके अब भी भीषण लू की चपेट में हैं। हालांकि, कुछ दिनों के ठहराव के बाद तेजी से आगे बढ़ रहे दक्षिण-पश्चिम मानसून के अगले तीन-चार दिनों में उत्तर प्रदेश तक पहुंचने की उम्मीद है, जिससे उत्तर भारत को भी भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है। पढ़ें पूरी खबर
विज्ञापन

5 of 11
देशभर के 332 विश्वविद्यालयों में बुधवार से स्नातक पाठयक्रमों में दाखिले की दौड़ शुरू हो जाएगी। - फोटो : एएनआई
CUET UG: दिल्ली की देविना को चार विषयों में 100 पर्सेंटाइल, 3417 उम्मीदवारों ने अलग-अलग विषय में छुआ ये आंकड़ा
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने रिकॉर्ड 16 दिनों में सीयूईटी यूजी-2026 का रिजल्ट मंगलवार को जारी कर दिया। इसमें दिल्ली की देविना गहलोत ने चार विषयों में 100 पर्सेंटाइल के साथ देशभर में टॉप किया है। शीर्ष 10 में दिल्ली के सक्षम गोयल दूसरे, हिमाचल प्रदेश के उदित चतुर्वेदी तीसरे, बिहार के श्रीवंश मिश्रा चौथे, यूपी की खुशी पांचवें और यूपी की ही जयति छठे स्थान पर रहीं। देविना भाजपा नेता कैलाश गहलोत की बेटी हैं। पढ़ें पूरी खबर
विज्ञापन

6 of 11
आग (सांकेतिक तस्वीर) - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक
अध्ययन में चौंकाने वाले खुलासे: इमारतों में आग लगने पर युवा ज्यादा करते हैं देरी, तुरंत भागते हैं बुजुर्ग
रिहायशी इमारतों में आग लगने की स्थिति में लोगों का व्यवहार उनकी उम्र, पारिवारिक परिस्थितियों और पिछले अनुभवों से काफी प्रभावित होता है। बंगलूरू में किए गए एक नए अध्ययन में सामने आया है कि युवा आग लगने पर पहले स्थिति की पुष्टि करने, पड़ोसियों से पूछने या आग के स्रोत का पता लगाने की कोशिश करते हैं, जबकि बुजुर्ग लोग बिना देरी किए तुरंत सुरक्षित स्थान की ओर निकल जाते हैं। पढ़ें पूरी खबर
विज्ञापन

7 of 11
पुर्तगाल की टीम - फोटो : FIFA.com
Portugal vs Uzbekistan: पुर्तगाल ने नॉकआउट की ओर बढ़ाए कदम, ग्रुप में शीर्ष पर; रोनाल्डो का दमदार प्रदर्शन
क्रिस्टियानो रोनाल्डो के दो गोल की मदद से पुर्तगाल ने उज्बेकिस्तान को 5-0 से हराया। पुर्तगाल ने पिछले मैच में ड्रॉ खेला था, लेकिन टीम इस मैच में बड़ी जीत दर्ज करने में सफल रही। टीम के लिए रोनाल्डो ने दमदार प्रदर्शन किया। रोनाल्डो ने मैच के बाद 'आई एम बैक', यानी मैं वापस आ गया हूं कहा। रोनाल्डो पिछले मैच में गोल नहीं कर सके थे, लेकिन इस मैच में दमदार प्रदर्शन करने में सफल रहे। उज्बेकिस्तान की टीम का सफर ग्रुप चरण में ही थम गया। पुर्तगाल के लिए रोनाल्डो के अलावा नूनो मेंडेस और राफेल लियाओ ने एक-एक गोल किए। वहीं, उज्बेकिस्तान के नेमातोव ने आत्मघाती गोल किया। पढ़ें पूरी खबर

8 of 11
संख्या में वृद्धि श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की ओर से की गई बेहतर व्यवस्थाओं का नतीजा। - फोटो : अमर उजाला
Religious Tourism: वैष्णो देवी यात्रा ने बनाया रिकॉर्ड, छह माह में 50.70 लाख श्रद्धालुओं ने किए माता के दर्शन
श्री माता वैष्णो देवी यात्रा ने इस वर्ष बड़ी उपलब्धि हासिल की है। छह माह में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 50 लाख के आंकड़े को पार कर गई है। 22 जून तक रिकॉर्ड 50.70 लाख श्रद्धालुओं ने दरबार में हाजिरी लगाई है। यह पिछले वर्ष की तुलना में 10.86 लाख अधिक है। यह भारी बढ़ोतरी देश-विदेश के भक्तों की अटूट आस्था को दर्शाती है। पिछले वर्ष में इसी अवधि के दौरान लगभग 39.84 लाख तीर्थयात्री माता के दरबार पहुंचे थे। श्रद्धालुओं की संख्या में रिकॉर्ड वृद्धि श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की ओर से की गई बेहतर व्यवस्थाओं का नतीजा है। पढ़ें पूरी खबर

9 of 11
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक
कमजोर मानसून बड़ी चुनौती: देश पर सूखे का साया, 22 दिनों में सामान्य से 43 फीसदी कम बारिश; महंगाई बढ़ने का खतरा
दक्षिण-पश्चिम मानसून का पहला महीना खत्म होने में सिर्फ एक सप्ताह बचा है, लेकिन अब तक बीता यह सीजन देश के अन्नदाताओं और अर्थव्यवस्था के लिए सूखे जैसी बड़ी चुनौती लेकर आया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, एक से 22 जून तक देशभर में सामान्य से 43 फीसदी कम बारिश हुई है। मानसून की स्थिति में अगर तुरंत सुधार नहीं हुआ, तो देश के प्रमुख कृषि राज्यों में खरीफ की खेती पर तगड़ी मार पड़ सकती है। इससे न सिर्फ ग्रामीण इलाकों में मांग प्रभावित होगी, बल्कि खाद्य महंगाई का खतरा भी तेजी से बढ़ेगा। पढ़ें पूरी खबर

10 of 11
ईरान पर ट्रंप की कार्रवाई खत्म करने संबंधी प्रस्ताव सीनेट से पारित - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स/ANI
ट्रंप की सैन्य नीति को झटका?: 'कांग्रेस की मंजूरी के बिना ईरान में सैन्य कार्रवाई नहीं', सीनेट का संदेश
अमेरिकी सीनेट ने मंगलवार को एक प्रस्ताव पारित किया, जिसमें राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई समाप्त करने की मांग की गई है। इसे तेहरान के साथ दीर्घकालिक समझौते की दिशा में जारी प्रयासों के बीच व्हाइट हाउस के खिलाफ कांग्रेस की ताजा प्रतिक्रिया के रूप में देखा जा रहा है। सीनेट में यह प्रस्ताव 50-48 मतों से पारित हुआ। प्रस्ताव में राष्ट्रपति को निर्देश दिया गया है कि अगर कांग्रेस विशेष रूप से सैन्य बल के इस्तेमाल की अनुमति नहीं देती है, तो वह ईरान से जुड़े सैन्य संघर्षों से अमेरिकी बलों को वापस बुलाएं। पढ़ें पूरी खबर
विज्ञापन

11 of 11
जर्मनी में रेल की संचार प्रणाली फेल - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स/deutschebahn
Germany: जर्मनी में रेल सेवाएं ठप, संचार प्रणाली में आई खराबी; स्टेशनों पर फंसे हजारों यात्री
संचार प्रणाली में आई तकनीकी खराबी के कारण मंगलवार देर रात जर्मनी की रेल सेवाएं ठप हो गईं। इसके चलते देशभर में यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। ट्रेनें रुक जाने से कई यात्री विभिन्न स्टेशनों पर फंस गए। अपने गंतव्य तक पहुंचने की कोशिश कर रहे यात्रियों की स्टेशन सूचना केंद्रों पर लंबी कतारें देखी गईं, जहां वे आगे की यात्रा के बारे में जानकारी लेने पहुंचे थे। पढ़ें पूरी खबर
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें