फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

TOP News: पश्चिम एशिया में कायम होगी शांति, देश के कई राज्यों में गर्मी बढ़ने के आसार; पढ़ें अहम सुर्खियां

Mon, 15 Jun 2026 05:43 AM IST
शिवम गर्ग न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 11
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
आज सोमवार, 15 जून 2026 की तारीख में देश-दुनिया की बड़ी खबरों के साथ आपका अपना अमर उजाला फिर हाजिर है। आज की बड़ी खबर अंतरराष्ट्रीय मोर्चे से है, जहां अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी समझौता पूरा होने की घोषणा करते हुए अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी हटाने और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को खोलने की बात कही है। वहीं देशभर में मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान बढ़ने की संभावना है, जबकि दक्षिणी राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। दूसरी ओर नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से आज पहली उड़ान रवाना होगी, जो किसान और कामगारों को लेकर लखनऊ जाएगी। खेल जगत में भारतीय महिला टीम ने शानदार शुरुआत करते हुए पाकिस्तान को 106 रन पर समेट दिया, जिसमें दीप्ति शर्मा की घातक गेंदबाजी ने अहम भूमिका निभाई। देश-दुनिया की ये सभी बड़ी खबरें विस्तार से पढ़ें एक जगह और एक ही क्लिक में...
विज्ञापन

2 of 11
ईरान-अमेरिका शांति समझौता तय - फोटो : Amar Ujala Graphics
US-ईरान के बीच हुआ शांति समझौता
पश्चिम एशिया में लंबे समय से जारी तनाव और सैन्य गतिविधियों के बीच अब शांति की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने एक्स पर ट्वीट कर जानकारी दी है कि अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते पर अंतिम सहमति बन गई है। इस समझौते के तहत दोनों देशों ने सभी मोर्चों पर सैन्य कार्रवाइयों को तत्काल और स्थायी रूप से समाप्त करने का निर्णय लिया है। इसमें लेबनान में चल रही सैन्य गतिविधियां भी शामिल हैं। शहबाज शरीफ ने अपने संदेश में बताया कि इस ऐतिहासिक समझौते पर औपचारिक हस्ताक्षर समारोह 19 जून को स्विट्जरलैंड में आयोजित किया जाएगा। पढ़ें एक क्लिक पर...
विज्ञापन

3 of 11
पहली उड़ान में एयरपोर्ट के लिए जमीन देने वाले 170 किसान और कामगार शामिल होंगे। - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
नोएडा एयरपोर्ट से पहली उड़ान आज
नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से कॉमर्शियल उड़ानें सोमवार से शुरू हो जाएंगी। सबसे पहले सुबह 8:05 बजे लखनऊ से यात्रियों को लेकर आया विमान नए एयरपोर्ट के रनवे पर उतरेगा। इसमें जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गौतमबुद्ध नगर के कारोबारी मौजूद रहेंगे। इसके बाद सुबह 8:30 मिनट पर एयरपोर्ट से पहली उड़ान भरी जाएगी। पहली उड़ान में एयरपोर्ट के लिए जमीन देने वाले 170 किसान और कामगार शामिल होंगे। पढ़ें पूरी खबर...

4 of 11
भारत में तेजी से बदलेगा मौसम - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स/ANI
उत्तर-पश्चिम में चढ़ेगा पारा, दक्षिण में भारी बारिश
जून के मध्य में देश का मौसम एक साथ कई रूप दिखाने जा रहा है। उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में पश्चिमी विक्षोभ बारिश और तेज हवाएं लेकर आएगा। पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी वर्षा की संभावना बनी हुई है। वहीं, उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान बढ़ने का दौर शुरू होने के संकेत हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक देश के विभिन्न क्षेत्रों में मौसम की गतिविधियां तेज बनी रहेंगी। इसी दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून भी आगे बढ़ेगा और कई नए इलाकों को कवर कर सकता है। पढ़ें एक क्लिक पर...
विज्ञापन

5 of 11
टीएमसी के बागी हो सकते हैं मोदी मंत्रिमंडल का हिस्सा - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स/ANI
नायडू नहीं अब काकोली घोष होंगी अहम किरदार
तृणमूल कांग्रेस के बागी धड़े का मोदी सरकार को समर्थन की घोषणा ने राजग के सहयोगी दलों के समीकरण उलट पलट दिए हैं। एक ओर जहां मोदी सरकार की सहयोगी दलों पर निर्भरता कम हुई है, वहीं इस सियासी घटनाक्रम में टीडीपी प्रमुख चंद्रबाबू नायडू की जगह तृणमूल बागी गुट की अगुवाई करने वाली काकोली घोष दस्तीदार सबसे अहम किरदार बन कर उभरी हैं। निकट भविष्य में होने वाले मंत्रिमंडल विस्तार में मोदी सरकार में टीडीपी की कम होती धमक की बानगी पेश करेगी। पढ़ें पूरी खबर...
विज्ञापन

6 of 11
लंदन में ब्रिटेन की संसद के बाहर जुटे कश्मीरी प्रवासी - फोटो : ANI
ब्रिटेन की संसद के बाहर जुटे हजारों कश्मीरी
पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में पाकिस्तानी सेना प्रदर्शनकारियों का बर्बरता से दमन कर रही है। इस मानवाधिकार उल्लंघन और बल प्रयोग के खिलाफ हजारों ब्रिटिश कश्मीरी रविवार को लंदन में वेस्टमिंस्टर के पैलेस के बाहर एकत्रित हुए। प्रदर्शनकारियों ने इस मामले में अंतरराष्ट्रीय हस्तक्षेप करने और जवाबदेही की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने क्षेत्र में नागरिकों की मौतों, महिलाओं के उत्पीड़न, घायलों और शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के खिलाफ बल प्रयोग पर चिंता जताई। पढ़ें एक क्लिक पर...
विज्ञापन

7 of 11
राज्यसभा में बदल जाएगा संख्या बल का आंकड़ा - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
राज्यसभा में दो-तिहाई बहुमत के करीब NDA
अहम सांविधानिक संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए संसद के दोनों सदनों में दो-तिहाई बहुमत हासिल करने की कोशिश में जुटा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन राज्यसभा में तो अपने लक्ष्य के करीब पहुंचता दिख रहा है। लेकिन तृणमूल कांग्रेस में बगावत के बावजूद निचले सदन में वह 363 सदस्यों के इस जादुई आंकड़े से काफी दूर है। सूत्रों के मुताबिक, राज्यसभा में राजग के मौजूदा 148 सांसदों की संख्या में तीन और सीटें जुड़ने की उम्मीद है। यह बढ़ोतरी झारखंड और मिजोरम में हो रहे राज्यसभा चुनावों में निर्दलीय उम्मीदवारों की सीटें जीतने से हो सकती है। तृणमूल के तीन राज्यसभा सदस्यों के इस्तीफे के बाद, उपचुनावों में राजग पश्चिम बंगाल की तीनों सीटें जीत सकती है। इससे राजग के सांसदों की कुल संख्या 154 हो जाएगी, जो उच्च सदन में दो-तिहाई बहुमत से नौ कम है। पढ़ें पूरी खबर...

8 of 11
नीदरलैंड बनाम जापान - फोटो : Fifa.com
FIFA World Cup: जीत के करीब पहुंचकर डच टीम को हाथ लगी निराशा
फीफा विश्व कप 2026 के ग्रुप-एफ के मुकाबले में नीदरलैंड और जापान के बीच खेला गया रोमांचक मैच 2-2 की बराबरी पर समाप्त हुआ। डलास स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में डच टीम दो बार बढ़त बनाने में सफल रही, लेकिन जापान ने हर बार वापसी करते हुए एक अंक हासिल कर लिया। मैच का निर्णायक मोड़ 88वें मिनट में आया, जब दाइची कामदा ने गोल कर जापान को बराबरी दिला दी। पढ़ें एक क्लिक पर...

9 of 11
दुर्घटना - फोटो : amar ujala
अमेरिका में क्रैश हुआ विमान, हादसे में 12 की मौत
अमेरिका के मिसौरी राज्य में स्काइडाइविंग के लिए यात्रियों को ले जा रहा एक विमान रविवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस विमान पर सवार सभी 12 लोगों की मौत हो गई। मिसौरी स्टेट हाईवे पेट्रोल ने एक बयान में कहा कि उसके जवान घटनास्थल पर मौजूद हैं और बटलर पुलिस विभाग तथा बेट्स काउंटी शेरिफ कार्यालय की सहायता कर रहे हैं। दुर्घटना बटलर मेमोरियल एयरपोर्ट के निकट हुई। बटलर शहर कैनसस सिटी से लगभग 65 मील दक्षिण में स्थित है। पढ़ें पूरी खबर...

10 of 11
भारत ने पाकिस्तान को 64 रनों से रौंदा - फोटो : BCCI Women
महिला टी20 विश्वकप में भारत का विजयी आगाज
स्मृति मंधाना की तूफानी बल्लेबाजी और दीप्ति शर्मा-श्री चरणी की घातक गेंदबाजी के दम पर भारतीय महिला टीम ने महिला टी20 विश्व कप 2026 के अपने पहले मुकाबले में पाकिस्तान को 64 रन से करारी शिकस्त दी। रविवार को बर्मिंघम में खेले गए ग्रुप-1 मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 170 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान की पूरी टीम 17 ओवर में 106 रन पर सिमट गई। भारत की ओर से दीप्ति शर्मा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट झटके, जबकि श्री चरणी ने तीन विकेट अपने नाम किए। वहीं, शेफाली वर्मा को एक सफलता मिली। भारत ने इस जीत के साथ टूर्नामेंट में विजयी आगाज किया। पढ़ें पूरी खबर...
विज्ञापन

11 of 11
कुणाल कामरा और प्रणित मोरे - फोटो : सोशल मीडिया
प्रणित मोरे पर कुणाल कामरा का निशाना
प्रणित मोरे का यह विवाद तब शुरू हुआ जब 23 साल के हिमांशु जांगड़ा ने उनके शो के दौरान बताया कि वह एक लड़की के साथ डेट पर गया था और उसने 370 रुपये की चिकन बिरयानी खिलाई। इसके बाद उसने कहा कि उसे अपने पैसे का ‘रिटर्न’ मिलना चाहिए। इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने जमकर नाराजगी जताई। शो के दौरान प्रणित मोरे के हंसने और हिमांशु को बोलने का मौका देने पर भी उनकी आलोचना हुई। बढ़ते विवाद के बीच प्रणित ने एक वीडियो जारी कर दोबारा माफी मांगी और खुद को सुधारने के लिए दूसरा मौका देने की अपील की। पढ़ें पूरी खबर...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें