फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

TOP News: पुतिन के बाद ट्रंप ने भी की PM मोदी की तारीफ; कर्नाटक में बंट गए विभाग; मौसम का कैसे बिगड़ा संतुलन?

Fri, 05 Jun 2026 06:31 AM IST
शिवम गर्ग न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 11
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
आज की बड़ी खबरों में दुनिया से लेकर देश तक हलचल तेज रही। एक ओर विश्व पर्यावरण दिवस पर मौसम के बदलते मिजाज ने चिंता बढ़ा दी है, जहां 124 साल में पहली बार रिकॉर्ड तापमान में असामान्य वृद्धि दर्ज की गई है, वहीं दिल्ली-एनसीआर में 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आई आंधी-बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। पेड़ गिरने और खंभे उखड़ने से सैकड़ों वाहन दब गए। दूसरी ओर अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना का दौर जारी रहा। रूस के बाद अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी उन्हें अपना अच्छा दोस्त बताते हुए भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के जल्द होने के संकेत दिए हैं। इसी बीच वैश्विक तनाव के माहौल में ट्रंप ने ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि अगर अमेरिकी सैनिकों की मौत हुई तो हालात फिर बिगड़ सकते हैं। ऐसी ही देश-दुनिया की अहम खबरें पढ़ें एक ही जगह और एक ही क्लिक पर...
विज्ञापन

2 of 11
विश्व पर्यावरण दिवस - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
124 साल में पहली बार रिकॉर्ड तोड़ बढ़ा तापमान
देशभर में कटते जंगल और घटते भूजल स्तर से पूरा पारिस्थितिकी तंत्र बिगड़ रहा है। प्राकृतिक असंतुलन का ही नतीजा है कि 2025 को भारत ने अपने आठवें सबसे गर्म वर्ष के तौर पर दर्ज किया। इस वर्ष औसत तापमान 1991-2020 के दीर्घकालीन औसत से 0.28 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा। जनवरी-फरवरी और मार्च-मई के मौसम सामान्य से अधिक गर्म रहे। सर्दियों में 1.17 डिग्री सेल्सियस की रिकॉर्ड तोड़ विसंगति देखी गई, जो 1901 यानी 124 वर्ष बाद सबसे अधिक वृद्धि को दर्शाता है। पढ़ें पूरी रिपोर्ट...
विज्ञापन

3 of 11
डोनाल्ड ट्रंप, अमेरिकी राष्ट्रपति - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
ट्रंप बोले- पीएम मोदी मेरे अच्छे दोस्त
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौता जरूर होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना अच्छा मित्र बताते हुए कहा कि दोनों देशों के संबंध मजबूत हैं और व्यापार वार्ता सही दिशा में आगे बढ़ रही है। व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा, 'हम समझौते तक पहुंचेंगे, क्योंकि मुझे आपके प्रधानमंत्री बहुत पसंद हैं। वह मेरे अच्छे मित्र हैं। हमारे संबंध बहुत अच्छे हैं और हम एक व्यापार समझौता करेंगे'। पढ़ें एक क्लिक पर...

4 of 11
मौसम का असर - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

दिल्ली-एनसीआर में 100 किमी की रफ्तार से आंधी-बारिश
दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर-पश्चिम भारत में बृहस्पतिवार सुबह तेज धूप के बाद दोपहर में अचानक मौसम बदल गया। आसमान में छाए काले बादलों और धूल भरी आंधी-तूफान से दिन में ही अंधेरा छा गया और देखते ही देखते झमाझम बारिश शुरू हो गई। एक से डेढ़ घंटे बाद मौसम का कहर थमा, तो हर तरफ तबाही का मंजर देखने को मिला। दिल्ली-एनसीआर में ही करीब 500 पेड़ व बिजली के खंभे-तार गिर गए। इनकी चपेट में आने से 300 से अधिक गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। करीब 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आई आंधी-बारिश में कई घरों की खिड़कियों के शीशे चटक गए, टिन के छप्पर उड़ गए और सड़कों पर पानी भर गया। ग्रेटर नोएडा में तेज हवा से निर्माणाधीन इमारत से एक मजदूर नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पढ़ें पूरी खबर...

विज्ञापन

5 of 11
ईरान को लेकर ट्रंप का सख्त संदेश - फोटो : Amar Ujala Graphics
ट्रंप की ईरान को खुली चेतावनी
ईरान के साथ संभावित संघर्ष के सवाल पर ट्रंप ने स्पष्ट संकेत दिया कि अमेरिका अपने सैनिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। उन्होंने कहा कि यदि अमेरिकी सैनिकों को निशाना बनाया जाता है या उनकी जान को खतरा पहुंचता है, तो यह अमेरिका की ओर से कड़ी कार्रवाई के लिए पर्याप्त कारण होगा। ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब पश्चिम एशिया में सुरक्षा हालात लगातार संवेदनशील बने हुए हैं। पढ़ें एक क्लिक पर...
विज्ञापन

6 of 11
डीके शिवकुमार, सीएम, कर्नाटक - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
कर्नाटक सरकार में विभागों का बंटवारा
कर्नाटक में मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने अपनी नई 13 सदस्यीय मंत्रिपरिषद के विभागों का बंटवारा कर दिया है। राज्यपाल की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार मुख्यमंत्री शिवकुमार ने वित्त, कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार विभाग अपने पास ही रखे हैं। इसके अलावा जिन विभागों का अभी तक आवंटन नहीं हुआ है, वे भी मुख्यमंत्री के पास रहेंगे। उपमुख्यमंत्री जी. परमेश्वर को राजस्व विभाग के साथ युवा सशक्तिकरण और खेल विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं प्रियांक खरगे को गृह विभाग सौंपा गया है। इसके साथ ही उन्होंने सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) और जैव प्रौद्योगिकी (बायोटेक्नोलॉजी) विभाग भी अपने पास बरकरार रखा है। पढ़ें पूरी खबर...
विज्ञापन

7 of 11
व्लादिमीर पुतिन, रूसी राष्ट्रपति - फोटो : Amar Ujala Graphics

पुतिन ने की PM मोदी की तारीफ
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत की आर्थिक प्रगति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की खुलकर प्रशंसा की है। उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और सबसे तेज आर्थिक विकास दर दर्ज करने वाले देशों में से एक है। पुतिन के अनुसार, यह उपलब्धि अचानक नहीं मिली, बल्कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सरकार और भारतीय जनता की वर्षों की मेहनत का परिणाम है। पुतिन ने कहा कि भारत ने विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं और वैश्विक मंच पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है। उन्होंने भारतीय लोगों की प्रतिभा और परिश्रम की भी सराहना की। पढ़ें एक क्लिक पर...

8 of 11
जांच में होटल के संचालन में बड़े पैमाने पर कथित अनियमितताओं का भी खुलासा हुआ है। - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
मालवीय नगर अग्निकांड: होटल मालिक चार दिन की रिमांड पर
मालवीय नगर हादसे के बाद दिल्ली पुलिस ने बृहस्पतिवार को होटल की इमारत की जांच की। टीम ने देखा कि छत पर जाने का रास्ता बंद था। साथ ही कई कमरों में खाना पकाने के लिए हीटर का इस्तेमाल किया जा रहा था। दिल्ली पुलिस ने भागे हुए होटल के प्रबंधक जय मिश्रा की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें गठित की है। अदालत ने होटल मालिक लवकेश बजाज को चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पढ़ें एक क्लिक पर...

9 of 11
वोलोदिमीर जेलेंस्की, यूक्रेन के राष्ट्रपति - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
जेलेंस्की ने पुतिन को लिखा खुला पत्र
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को एक सार्वजनिक पत्र लिखकर सीधे आमने-सामने बातचीत का प्रस्ताव दिया है। वर्ष 2022 में रूस द्वारा यूक्रेन पर बड़े पैमाने पर हमला शुरू किए जाने के बाद यह पहला मौका है जब जेलेंस्की ने पुतिन को सार्वजनिक रूप से संबोधित करते हुए पत्र लिखा है। अपने पत्र में जेलेंस्की ने कहा कि युद्ध समाप्त करने के लिए दोनों नेताओं के बीच सीधी बातचीत जरूरी है। उन्होंने सुझाव दिया कि यह बैठक किसी तटस्थ देश में आयोजित की जा सकती है। इसके लिए उन्होंने स्विट्जरलैंड, तुर्किये या किसी अरब देश का नाम संभावित मेजबान के रूप में लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि बातचीत न तो मॉस्को में होनी चाहिए और न ही कीव में। पढ़ें पूरी खबर...

10 of 11
श्रेयस अय्यर - फोटो : ANI
आयरलैंड-इंग्लैंड दौरे के लिए श्रेयस को मिलेगी कमान!
भारतीय टी20 टीम की कप्तानी में भी बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। ईएसपीएन क्रिकइन्फो की रिपोर्ट के अनुसार, श्रेयस अय्यर को टी20 टीम का नया कप्तान बनाया जा सकता है। वह मौजूदा कप्तान सूर्यकुमार यादव की जगह लेंगे। अय्यर ने आईपीएल में कप्तान और बल्लेबाज दोनों रूपों में शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स को 2024 में खिताब जिताया था, जबकि दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स को भी फाइनल तक पहुंचाया। बल्लेबाजी की बात करें तो आईपीएल 2025 में उन्होंने 604 रन और आईपीएल 2026 में 498 रन बनाए। पढ़ें एक क्लिक पर...
विज्ञापन

11 of 11
पेद्दी बॉक्स ऑफिस कलेक्शन - फोटो : अमर उजाला
क्या राम चरण की सबसे बड़ी ओपनर बन पाएगी ‘पेद्दी’?
तेलुगु स्टार राम चरण की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘पेद्दी’ आज रिलीज हो गई है। फिल्म की कई रिलीज डेट आगे बढ़ीं, जिसके बाद अंतत: फिल्म आज 4 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हुई है। अब फिल्म के पहले दिन का कलेक्शन भी सामने आ गया है। जानते हैं कि राम चरण की ‘पेद्दी’ का बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन क्या हुआ हाल?
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें