देश-दुनिया की बड़ी खबरों में आज त्योहार की छुट्टियों के बाद एक बार फिर शुरू होने वाला संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण सबसे अहम घटना है। इसके अलावा आज से ही भारत में रायसीना डायलॉग की भी शुरुआत होगी। इसमें न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री समेत कई विदेशी मेहमान शामिल होंगे। अंतरराष्ट्रीय जगत में पाकिस्तानी सेना के जवानों की हत्या सबसे बड़ी खबर बनी। पाकिस्तान में बलूच लिबरेशन आर्मी ने 90 सैनिकों की हत्या का दावा किया है। इसके अलावा गर्मी को लेकर केंद्र सरकार की तरफ से जारी अलर्ट भी बड़ी खबर बनी। मौसम को देखते हुए केंद्र सरकार ने कहा है कि कॉफी और कोल्ड ड्रिंक का सेवन खतरनाक हो सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत की इसी महीने होने वाली मुलाकात भी बड़ी खबरों में शामिल है। सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने वैश्विक दक्षिण का नेतृत्व करने के मामले में चीन को भारत के रास्ते की बाधा बताया, ये खबर भी चर्चा में रही। अमेरिकी खुफिया एजेंसी की प्रमुख तुलसी गबार्ड की भारत यात्रा भी सुर्खियों में हैं, उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के साथ बातचीत के दौरान भरोसा दिलाया कि अमेरिकी धरती का इस्तेमाल भारत विरोधी गतिविधि के लिए नहीं होने दिया जाएगा। देश की बड़ी खबरों में चुनाव आयोग का वह फैसला चर्चा में है, जिसमें
अब किसी भी मतदान केंद्र पर 1200 से अधिक मतदाता नहीं होने की बात कही गई है। राष्ट्रीय राजधानी
दिल्ली में सीवर की सफाई करने उतरे एक मजदूर की मौत, दूसरे की हालत नाजुक और तीसरे पर जहरीली गैस का असर होने की खबर भी चर्चा में रही। एक अन्य अहम घटनाक्रम में
हिमाचल प्रदेश में सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार आज बजट पेश करेगी। विदेश की खबरों में दक्षिणी यूरोप में मध्य बाल्कन देश
नॉर्थ मैसेडोनिया के नाइट क्लब में गोलीबारी के दौरान 58 लोगों की मौत की खबर भी चर्चा में रही। अमेरिका में प्रकृति के कहर और आंधी-तूफान के कारण 35 लोगों की मौत और लाखों लोगों के प्रभावित होने की घटना भी सुर्खियों में है। अमेरिका से ही एक अन्य खबर अप्रवासियों को निकाले जाने की खबर एक बार फिर सुर्खियों में है। अमेरिकी अदालत की तरफ से रोक के आदेश के बावजूद ट्रंप सरकार ने अप्रवासियों को अल सल्वाडोर भेजा है। खेल जगत में सचिन तेंदुलकर की शानदार बल्लेबाजी और आईपीएल की शुरुआत से पहले कोलकाता के खिलाड़ी का बदला जाना चर्चा में रहा। व्यापार जगत में
भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में 15 अरब डॉलर का उछाल सबसे बड़ी खबर बनी। यह पिछले तीन साल में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी है। मनोरंजन जगत में पुष्पा 3 की रिलीज डेट से परदा हटने की खबर सर्वाधिक चर्चा में रही।
अमर उजाला के इस लिंक पर पढ़ें देश-दुनिया, राजनीति और खेल जगत की अहम खबरें