एक्सिओम-4 मिशन की तस्वीरें
- फोटो : पीटीआई
अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी ‘नासा’ ने एक बयान में कहा, गुरुवार को सुबह 6:31 बजे (भारतीय समयानुसार शाम 4:01 बजे) एक्सिओम मिशन-4 के तहत स्पेसएक्स ड्रैगन अंतरिक्ष यान चौथे निजी अंतरिक्ष यात्री मिशन के लिए अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर पहुंचा। अंतरिक्ष यात्रा पर रवाना होकर एक नया इतिहास रचने वाले भारतीय यात्री शुभांशु शुक्ला ने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) के साथ डॉकिंग से पहले अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने अंतरिक्ष से सभी को नमस्कार कहा और बताया कि निर्वात में तैरना एक अद्भुत अनुभव रहा। उनके लिए यह सफर एक बच्चे की तरह सब कुछ सीखने जैसा है।
साझा किया अनुभव
अंतरिक्ष यान से वीडियो लिंक के जरिये भेजे संदेश में शुभांशु शुक्ला ने बताया, प्रक्षेपण के दौरान गुरुत्वाकर्षण बल का सामना करने के दौरान ऐसा महसूस हुआ जैसे हमें अपनी सीट पर पीछे धकेला जा रहा हो। यह एक अद्भुत सफर था और फिर अचानक कुछ भी महसूस नहीं हुआ सब कुछ शांत था और आप बस तैर रहे थे। हम बेल्ट खोलकर निर्वात में तैर रहे थे। भारतीय अंतरिक्ष यात्री ने कहा कि निर्वात में जाने के बाद पहले कुछ क्षण तो अच्छे नहीं लगे लेकिन जल्द ही यह एक अद्भुत एहसास बन गया।
ये भी पढ़ें : Axiom-4: शुभांशु शुक्ला तीन अंतरिक्ष यात्रियों के साथ पहुंचे ISS, स्पेस स्टेशन पर बिताएंगे 14 दिन