जांच में जुटी पुलिस
- फोटो : अमर उजाला डिजिटल
पुलिस ने अब तक क्या-क्या किया और बताया?
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से आरोपी गाडे की पहचान की और उसे पकड़ने के लिए कई टीम बनाई गई हैं। पुलिस उपायुक्त स्मार्तना पाटिल ने बाद में पत्रकारों को बताया कि सीसीटीवी फुटेज में महिला आरोपी के साथ बस की ओर जाती हुई दिखाई दे रही है। घटना के समय बस अड्डा परिसर में कई लोग और कई बसें थीं। डीसीपी ने कहा कि महिला ने घटना के तुरंत बाद पुलिस से संपर्क नहीं किया, बल्कि फलटन जाने वाली बस में सवार हो गई और यात्रा के दौरान अपने दोस्त को फोन पर घटना के बारे में बताया। अपने दोस्त की सलाह पर वह थाने चली गई। अधिकारी ने कहा कि महिला की हालत स्थिर है और उसने पुलिस को स्पष्ट बयान दिया है।
पुणे बस रेप केस पर पुणे डीसीपी जोन II स्मार्टाना पाटिल ने कहा, 'आरोपी को पकड़ने के लिए कुल 13 टीमें काम कर रही हैं। जांच जारी है। टीमों को बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य आस-पास के स्थानों पर भी भेजा गया है। हम उसके परिवार और उन लोगों से पूछताछ कर रहे हैं जिनसे आरोपी ने संपर्क किया था। आरोपी के भाई से कल और आज पूछताछ की गई, हम उसके परिवार से भी पूछताछ करेंगे। आरोपी को पकड़ने वाले को 1 लाख रुपये का नकद इनाम देने की घोषणा की गई है। चूंकि आरोपी ने नकाब पहना हुआ था, इसलिए सीसीटीवी के जरिए उसका चेहरा पहचानना आसान नहीं था। हम जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लेंगे।'