PM Modi
- फोटो : Amar Ujala
रेलवे का नया युग
प्रधानमंत्री ने मिजोरम की राजधानी आइजोल को भारतीय रेलवे नेटवर्क से पहली बार जोड़ने वाली बैराबी–सैरांग नई रेल लाइन (8,070 करोड़) का उद्घाटन किया। 51.38 किलोमीटर लंबी बैराबी–सैरांग रेल लाइन पूर्वोत्तर के सबसे दुर्गम इलाकों से होकर बनाई गई है। इस परियोजना में कुल 48 सुरंगें (12 किलोमीटर से अधिक लंबाई) और 142 पुल शामिल हैं। इनमें पुल संख्या 196 सबसे खास है, जिसकी ऊंचाई 104 मीटर है—यानी कुतुब मीनार से भी ऊंचा। यह इस रूट का सबसे ऊंचा पुल है और भारतीय रेल का दूसरा सबसे ऊंचा पियर ब्रिज। रेल मार्ग को भविष्य में 223 किलोमीटर आगे म्यांमार सीमा तक बढ़ाया जाएगा, जिससे कलादान प्रोजेक्ट का भी फायदा उठाया जा सकेगा। इससे मिजोरम को देशभर से सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे लोगों को सुरक्षित, सस्ती और तेज यात्रा का विकल्प मिलेगा। साथ ही खाद्यान्न, उर्वरक और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति भी समय पर और विश्वसनीय तरीके से हो सकेगी।
पीएम मोदी ने तीन नई ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाई
- सैरांग–दिल्ली (आनंद विहार टर्मिनल) राजधानी एक्सप्रेस
- सैरांग–गुवाहाटी एक्सप्रेस
- सैरांग–कोलकाता एक्सप्रेस
इनसे न केवल शिक्षा, स्वास्थ्य और बाजार तक पहुंच आसान होगी, बल्कि रोजगार, पर्यटन और सांस्कृतिक संबंध भी मजबूत होंगे।