लतीफ का मानना है कि भारत की धैर्य बनाए रखने की क्षमता, हार्दिक पांड्या, सूर्यकुमार यादव, अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन से मिलने वाला संतुलन और जसप्रीत बुमराह की बेजोड़ सटीकता भारतीय टीम को किसी अन्य टीम की तुलना में अधिक संपूर्ण बनाती है।
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान राशिद लतीफ का मानना है कि भारत के खिलाफ खेलते समय भावनाएं अक्सर उनकी टीम पर हावी हो जाती हैं और इसी कमजोरी के कारण उन्हें हाल के वर्षों में अपने इस चिर प्रतिद्वंद्वी से महत्वपूर्ण मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। लतीफ का मानना है कि भारत की धैर्य बनाए रखने की क्षमता, हार्दिक पांड्या, सूर्यकुमार यादव, अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन से मिलने वाला संतुलन और जसप्रीत बुमराह की बेजोड़ सटीकता भारतीय टीम को किसी अन्य टीम की तुलना में अधिक संपूर्ण बनाती है।
विज्ञापन
2 of 3
भारत बनाम पाकिस्तान
- फोटो : ANI
भारत ने 15 में से 12 मैच जीते
राजनीतिक तनाव के कारण दोनों पड़ोसी देशों के बीच द्विपक्षीय क्रिकेट एक दशक से भी ज़्यादा समय से स्थगित है, जिससे उनके मुकाबले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) और एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) की प्रतियोगिताओं तक सीमित हो गए हैं। पिछले 10 साल में यह प्रतिद्वंद्विता काफी हद तक एकतरफा रही है, जिसमें भारत ने 15 में से 12 मैच जीते हैं। लतीफ ने कहा, 'हम भावुक या अति उत्साहित हो जाते हैं और एक ही बार में सब कुछ करने की कोशिश करते हैं। हम भारत के खिलाफ मैच को ज्यादा आगे नहीं ले जाते और इस वजह से पाकिस्तान को अधिकतर मैच में हार का सामना करना पड़ता है।' पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज ने कहा, 'दूसरी ओर भारत पिच और मैच की परिस्थितियों के अनुसार खेलता है और इसलिए उसे सफलता मिलती है। पाकिस्तान पर अपेक्षाओं का बोझ है और भारत इसका फायदा उठाता है।' भारत और पाकिस्तान रविवार को दुबई में एशिया कप के ग्रुप चरण में एक-दूसरे का सामना करेंगे।
सूर्यकुमार, अभिषेक और सैमसन लाते हैं संतुलन
लतीफ ने कहा, हार्दिक पांड्या एक खतरनाक खिलाड़ी हैं। मध्यक्रम के बल्लेबाज या निचले क्रम के बल्लेबाज मैच का पासा पलट सकते हैं। पंड्या ने ऐसा एक बार नहीं, बल्कि कई बार किया है, जो अद्भुत है और इसीलिए उन्हें एक्स-फैक्टर कहा जाता है। उन्होंने कहा, अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन और सूर्यकुमार यादव जैसे खिलाड़ी संतुलन लाते हैं। गेंदबाजी में बुमराह अपने दम पर मैच का रुख बदल सकते हैं। कुल मिलाकर यह बेहद संतुलित और संपूर्ण टीम नजर आती है।