प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जैन आध्यात्मिक गुरु आचार्य विद्यानंद महाराज की जयंती के शताब्दी समारोह में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को संबोधित भी किया। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि जैन आध्यात्मिक गुरु आचार्य विद्यानंद महाराज के विचारों ने सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को प्रेरित किया है। पीएम मोदी ने एक जैन संत के पिछले प्रवचन का भी जिक्र किया और कहा कि वे 'ऑपरेशन सिंदूर' को आशीर्वाद दे रहे थे। इस दौरान प्रधानमंत्री की ओर से यह कहे जाने पर कि जो हमें छेड़ेगा..., वहां मौजूद लोगों ने जमकर 'भारत माता की जय' के नारे लगाए। हालांकि, पीएम मोदी ने इस मुद्दे पर आगे कुछ नहीं कहा।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने अपने नौ संकल्पों को दोहराया और लोगों से उनका पालन करने की अपील की। संकल्प हैं- पानी बचाना, मां की याद में एक पेड़ लगाना, स्वच्छता, 'वोकल फॉर लोकल', देश में अलग-अलग जगहों की यात्रा करना, प्राकृतिक खेती को अपनाना, सेहतमंद जीवनशैली अपनाना, खेल व योग अपनाना और गरीबों की मदद करना।