गुजरात दौरे के दूसरे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अहमदाबाद में सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उन्होंने गुजरात स्थित टीडीएस लिथियम-आयन बैटरी प्लांट में हाइब्रिड बैटरी इलेक्ट्रोड के स्थानीय उत्पादन की शुरुआत की। यह प्लांट तोशिबा, डेंसो और सुजुकी का संयुक्त उद्यम है। इस दौरान सुजुकी मोटर कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष व प्रतिनिधि निदेशक तोशीहिरो सुजुकी और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी उपस्थित थे। इस दौरान कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि 'अब दुनिया के दर्जनों देशों में जो ईवी चलेगी, उसपर लिखा होगा- मेड इन इंडिया'।
अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने कहा, 'गणेश उत्सव के इस उल्लास में आज भारत की 'मेक इन इंडिया' यात्रा में एक नया अध्याय जुड़ रहा है। मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड हमारे उस लक्ष्य की ओर एक बड़ी छलांग है। आज से भारत में बनी इलेक्ट्रिक व्हीकल्स 100 देशों को एक्सपोर्ट की जाएंगी। साथ ही आज हाइब्रिड बैटरी इलेक्ट्रोल मैन्युफैक्चरिंग की भी शुरुआत हो रही है।'