दिल्ली की राऊज एवेन्यू कोर्ट की स्पेशल सीबीआई अदालत ने शुक्रवार को ओम प्रकाश चौटाला को आय से अधिक संपत्ति मामले में चार साल की सजा सुनाई। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और इंडियन नेशनल लोक दल (INLD) प्रमुख ओम प्रकाश चौटाला को चार साल कैद की सुजा सुनाई है। चौटाला पर 50 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है। अदालत ने चौटाला की चार संपत्तियों को जब्त करने के भी निर्देश दिए हैं। सजा मिलने के बाद शनिवार को चौटाला तिहाड़ जेल लाए गए। यहीं उन्हें सजा पूरी करनी होगी।
चौटाला ऐसे पहले नेता नहीं हैं, जिन्हें किसी मामले में दोषी ठहराया गया है। इसके पहले भी देश के कई दिग्गज नेताओं को अलग-अलग मामलों में दोषी ठहराया जा चुका है। इन नेताओं पर रेप, भ्रष्टाचार, घोटाला से लेकर मर्डर और अपहरण तक के आरोप लगे हैं। हम आज आपको ऐसे ही देश के अलग-अलग नेताओं के बारे में बताएंगे।
1. लालू प्रसाद यादव: राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव चारा घोटाले के पांच अलग-अलग मामलों में दोषी करार दिए गए हैं। सभी मामलों में लालू को सजा मिल चुकी है। लालू अभी भी सजा काट रहे हैं। हालांकि, अभी वह जमानत पर बाहर चल रहे हैं। चारा घोटाले के अलावा लालू पर रेल मंत्री रहते हुए भ्रष्टाचार के भी आरोप हैं।
2. बंगारू लक्ष्मण: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व अध्यक्ष और देश के रेल मंत्री रहे बंगारू लक्ष्मण भ्रष्टाचार के मामले में दोषी करार दिए गए थे। दरअसल, एक स्टिंग ऑपरेशन में फर्जी रक्षा सौदे के लिए उन्हें एक लाख रुपए लेते हुए दिखाया गया था। 27 अप्रैल 2012 को सीबीआई की एक विशेष अदालत ने उन्हें दोषी ठहराया। कोर्ट ने लक्ष्मण को चार साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई। फैसले के बाद बंगारू लक्ष्मण ने पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी से इस्तीफा दे दिया था। लंबी बीमारी के बाद भाजपा के पूर्व अध्यक्ष बंगारू लक्ष्मण का एक मार्च 2014 को हैदराबाद के एक अस्पताल में निधन हो गया।
3. महिपाल मदेरणा: राजस्थान के जल संसाधन मंत्री रहे महिपाल मदेरणा को हत्या और अपहरण के मामले में दोषी पाए गए थे। मामला जोधपुर के जलीवाड़ा गांव के एक उपकेंद्र में सहायक नर्स के पद पर तैनात भंवरी देवी से जुड़ा था। भंवरी देवी मंत्री महिपाल मदेरणा और विधायक मलखान सिंह की करीबी मानी जाती थी। भंवरी चुनाव लड़ना चाहती थीं, लेकिन उन्हें टिकट नहीं मिला। इसके बाद उसकी एक सीडी वायरल हुई थी, जिसमें वह तीन दिन के अंदर सरकार गिराने की बात कहती हुई दिखाई दे रहीं थीं।
इसी के बाद से महिपाल, मलखान ने भंवरी से दूरियां बनानी शुरू कर दी थी। सितंबर 2011 में वह गायब हो गई थीं। उनके पति ने महिपाल मदेरणा, मलखान सिंह समेत कई पर एफआईआर दर्ज कराई थी। हालांकि, बाद में जांच में सामने आया कि महिपाल, मलखान के साथ साजिश में उसका पति भी शामिल था। भंवरी की गर्दन कार की सीट में दबा दी गई थी, जिससे उसकी मौत हो गई थी। इस मामले में 17 आरोपी जेल गए थे। महिपाल 2011 से 2021 तक जेल में रहे। पिछले साल उन्हें जमानत मिली। कुछ महीने बाद उनका निधन हो गया।
4. सुखराम : पीवी नरसिम्हा राव की सरकार में दूरसंचार मंत्री रहे सुखराम को भ्रष्टाचार के मामले में सजा हुई थी। सीबीआई ने 1996 में सुखराम के औपचारिक निवास से बैग और सूटकेस से 3.6 करोड़ रुपये बरामद किए थे। 2002 में दिल्ली कोर्ट ने उन्हें दोषी पाया और तीन साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई। सुप्रीम कोर्ट ने 18 नवंबर, 2011 को इस फैसले को कायम रखते हुए सुखराम को पांच साल की जेल की साज सुनाई। इसी महीने उनका निधन हो गया।
5. वीर विक्रम सिंह उर्फ भैया राजा : 11 दिसंबर 2009 को मध्य प्रदेश के मिसरोद गुंडारी घाट में फैशन डिजाइनिंग की एक छात्रा वसुंधरा की लाश मिली थी। पुलिस ने मामले जांच में पवाई से विधायक रहे अशोक वीर विक्रम सिंह उर्फ भैया राजा का नाम इसमें आया। भैया राजा वसुंधरा का नाना था। भैया राजा जबरदस्ती अपनी नातिन का रेप करता था। एक बार तो उसका गर्भपात भी कराया था। बाद में उसकी हत्या कर दी। कोर्ट ने इस मामले में भैया राजा उम्रकैद की सजा सुनाई थी। बाद में जेल में रहते हुए ही 2014 में उसकी ब्रेन हैमरेज से मौत हो गई थी।
6. कुलदीप सिंह सेंगर : उन्नाव से विधायक रहे कुलदीप सिंह सेंगर को एक लड़की ने अपहरण और रेप के मामले में दोषी करार दिया गया था। इस मामले में तीस हजारी कोर्ट ने विधायक सेंगर को उम्रकैद की सजा सुनाई थी और 25 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया था। दोषी ठहराए जाने के बाद सेंगर की विधायकी चली गई थी। हालांकि, अभी मामला हाईकोर्ट में लंबित है।
7. आर बालकृष्ण पिल्लई : केरल कांग्रेस के बड़े नेता और सात बार सांसद रह चुके आर बालकृष्ण पिल्लई भ्रष्टाचार के मामले में दोषी ठहराए गए थे। फरवरी, 2011 में सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें एक साल कारावास की सजा सुनाई थी। बाद में राज्य सरकार की मंजूरी के बाद उन्हें एक नवंबर, 2011 को रिहा कर दिया गया था।