bengaluru aero show
- फोटो : PTI
आग लगने के कारण इलाके में काले धुएं का गुबार छा गया जिससे स्थानीय लोगों और एयरो इंडिया कार्यक्रम के दर्शकों में दहशत फैल गई। एयरो इंडिया कार्यक्रम पिछले तीन दिनों तक, अधिकारियों, कारोबारियों, विदेशी प्रतिनिधियों, मीडिया और आमंत्रित लोगों के लिए ही था, लेकिन शनिवार को इसे आम जनता के लिए खोल दिया गया था।
अग्निशमन सेवा के डीजीपी एमएन रेड्डी ने ट्वीट कर बताया कि एयरो इंडिया कार्यक्रम के दौरान पार्किंग क्षेत्र में आग लगने से वहां खड़ी 300 कारें जल कर खाक हो गईं। आग को अब पूरी तरह से बुझा दिया गया है। पश्चिम क्षेत्र के मुख्य अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में 10 फायर फॉर्स और पांच अन्य दमकल इंजनों ने आग पर काबू पाने के लिए मशक्कत की। उन्होंने कहा, ‘किसी व्यक्ति के घायल होने या किसी शख्स को नुकसान पहुंचने की खबर नहीं है। आग संभवत: सूखी घास में लगी और तेज हवाओं ने उसके फैलने में मदद की।’