फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

किताब लॉन्चिंग में प्रियंका ने मां को लगाया गले: सोनिया ने बताई 'बिलॉन्गिंग' नाम रखने की वजह; देखें तस्वीरें

Mon, 16 Nov 2026 08:15 PM IST
राहुल कुमार पीटीआई, नई दिल्ली

सार

सोनिया गांधी की किताब बिलॉन्गिंग सोमवार को दिल्ली में लॉन्च की गई। कार्यक्रम के शुरुआत में सोनिया के जीवन पर शॉर्ट फिल्म दिखाई गई, तो वह भावुक हो गईं। कार्यक्रम में राहुल-प्रियंका के साथ तमिलनाडु, हिमाचल प्रदेश, तेलंगाना, केरलम और कर्नाटक के मुख्यमंत्री मौजूद रहे। देखें कार्यक्रम से जुड़ी तस्वीरें...
विज्ञापन
1 of 7
सोनिया गांधी की नई किताब लॉन्च। - फोटो : पीटीआई।
कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सोमवार को कहा कि अपनी आत्मकथा लिखने की एक बड़ी वजह यह है कि उनके परिवार के बारे में काफी कुछ ऐसा लिखा गया, जो सच नहीं था। वह अपनी कहानी और भावनाओं के जरिए तथ्यों को सामने लाना चाहती थीं। सोनिया गांधी ने अपनी पुस्तक 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' के आधिकारिक विमोचन कार्यक्रम में  बताया कि किताब के जिन हिस्सों को लिखना उनके लिए सबसे मुश्किल रहा, वे उनकी सास और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी तथा उनके पति राजीव गांधी की हत्या से जुड़े थे। राजीव गांधी के साथ अपने रिश्ते को याद करते हुए उन्होंने कहा कि उनके साथ उनका प्रेम किसी जादुई अनुभव जैसा था।
Trending Videos
विज्ञापन

2 of 7
सोनिया गांधी की नई किताब लॉन्च। - फोटो : पीटीआई।
किताब को मिल रही प्रतिक्रिया से अभिभूत हैं सोनिया 
पाठकों की ओर से किताब को मिल रही शानदार प्रतिक्रिया पर सोनिया गांधी ने कहा कि वह लोगों के प्यार से अभिभूत हैं। उन्होंने कहा, "मुझे हमेशा लगता था कि लोग इसमें दिलचस्पी लेंगे, लेकिन यह प्रतिक्रिया मेरी उम्मीद से कहीं ज्यादा और अप्रत्याशित है। कार्यक्रम में हार्पर कॉलिन्स इंडिया के एक अधिकारी के साथ बातचीत के दौरान उन्होंने किताब को लेकर आलोचनाओं पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन कुछ प्रतिक्रियाएं काफी खराब थीं, जबकि कुछ प्रतिक्रियाएं वास्तविक और ईमानदार थीं।

किताब लिखने की वजह बताते हुए सोनिया गांधी ने कहा कि उनके दोस्त लगातार उनसे अपनी कहानी लिखने के लिए कहते थे। उन्होंने कहा, "मैं अपनी अंदरूनी भावनाओं को जाहिर करने से हमेशा बचती रही हूं, लेकिन राहुल, प्रियंका और मंजुलिका दुबे के बार-बार कहने पर आखिरकार मैंने किताब लिखने का फैसला किया। उन्होंने कहा, शुरुआत में यह मुश्किल था, लेकिन एक बार लिखना शुरू किया तो जैसे भावनाओं का बांध टूट गया।

सोनिया गांधी ने कहा, किताब लिखने की एक वजह यह भी थी कि मेरे परिवार, मेरी सास, मेरे पति, मेरे बेटे और बेटी के बारे में बहुत कुछ कहा गया। इनमें से ज्यादातर बातें मनगढ़ंत थीं। हमारे बारे में ऐसी बातें लिखी गईं, जो तकलीफ पहुंचाने वाली थीं। यह किताब अपनी और अपने परिवार की भावनाओं को सामने रखने का एक तरीका है।
विज्ञापन

3 of 7
सोनिया गांधी की नई किताब लॉन्च। - फोटो : पीटीआई
'बिलॉन्गिंग' नाम रखने के पीछे बताई यह वजह
सोनिया गांधी ने बताया कि उन्होंने अपने जीवन में कभी डायरी नहीं लिखी। न तो बचपन में और न ही अपने राजनीतिक जीवन के दौरान। इसलिए किताब में लिखी ज्यादातर बातें उनकी यादों पर आधारित हैं। उन्होंने बताया कि किताब का नाम 'बिलॉन्गिंग' रखने के पीछे भी एक खास वजह है। इसका अर्थ किसी जगह या परिवार का हिस्सा होना है। उन्होंने कहा, "मेरे मामले में यह बताता है कि मैंने किसी परिवार और समाज का हिस्सा बनने के लिए कितनी कोशिश की।"

उन्होंने कहा कि भारत में शादी के बाद कई महिलाओं को नए घर और माहौल में खुद को ढालने में मुश्किल होती है। भले ही उनका पारिवारिक और सामाजिक परिवेश एक जैसा क्यों न हो। सोनिया गांधी ने बताया कि जब वह भारत आईं और इंदिरा गांधी की बहू बनीं, तो यहां का माहौल उनके इटली के पारिवारिक माहौल से काफी अलग था। यहां रिश्तों में ज्यादा औपचारिकता थी। उन्होंने कहा, लेकिन इटली में मेरी परवरिश ने मुझे बड़ों और वरिष्ठ लोगों का सम्मान करना सिखाया था। इससे मुझे नए माहौल में ढलने में मदद मिली।

 

4 of 7
सोनिया गांधी की नई किताब लॉन्च। - फोटो : पीटीआई।
शुरुआत में इंदिरा गांधी से डरती थीं सोनिया
सोनिया गांधी ने बताया कि शुरुआत में वह इंदिरा गांधी से काफी डरती थीं। उन्हें 'मम्मी' कहकर बुलाने में भी समय लगा। उन्होंने यह भी बताया कि वह नहीं चाहती थीं कि राजीव गांधी राजनीति में आएं। उन्होंने कहा, "मैं अपने पति के राजनीति में आने के पूरी तरह खिलाफ थी। शायद मैं स्वार्थी हो रही थी, क्योंकि मुझे लगता था कि हमारे पास साथ बिताने के लिए जो थोड़ा समय है, वह भी खत्म हो जाएगा। उन्हें काफी यात्राएं करनी पड़ती थीं। हमारी जिंदगी बदल गई, लेकिन हमारा रिश्ता और मजबूत हुआ, क्योंकि अब उनके पास साथ बिताने के लिए जो थोड़ा समय होता था, वह हमारे लिए और ज्यादा अहम हो गया था।" सोनिया गांधी ने राजीव गांधी की हत्या के बाद के समय को याद करते हुए कहा कि उनके निधन के बाद वह खुद एक बच्ची की तरह हो गई थीं और उनके दोनों बच्चे राहुल और प्रियंका उनके माता-पिता की तरह बन गए थे।
विज्ञापन

5 of 7
सोनिया गांधी की नई किताब लॉन्च। - फोटो : पीटीआई
कई विपक्षी दलों के नेता कार्यक्रम में हुए शामिल
दिल्ली के आईटीसी मौर्य होटल में आयोजित इस कार्यक्रम में इंडिया गठबंधन के कई प्रमुख नेता शामिल हुए। इनमें लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, तृणमूल कांग्रेस के अभिषेक बनर्जी, झारखंड के मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) प्रमुख हेमंत सोरेन, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय शामिल थे।
विज्ञापन

6 of 7
सोनिया गांधी की नई किताब लॉन्च। - फोटो : पीटीआई।
इसके अलावा नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रमुख फारूक अब्दुल्ला, एनसीपी (एसपी) की नेता सुप्रिया सुले, कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता भी कार्यक्रम में पहुंचे।

 
विज्ञापन
विज्ञापन

7 of 7
सोनिया गांधी की नई किताब लॉन्च। - फोटो : पीटीआई।
हार्पर कॉलिन्स इंडिया की ओर से प्रकाशित सोनिया गांधी की यह आत्मकथा पिछले मंगलवार को जारी की गई थी। किताब को पाठकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। कई प्रमुख किताबों की दुकानों पर लोग इसकी प्रतियां खरीदने के लिए पहुंच रहे हैं, जबकि बड़ी संख्या में लोग इसे ऑनलाइन भी मंगा रहे हैं।

इस बीच, भाजपा ने सोनिया गांधी पर किताब के जरिए घटनाओं को अपने पक्ष में पेश करने का आरोप लगाया है। वहीं, कांग्रेस नेताओं ने आत्मकथा की स्पष्टवादिता की सराहना करते हुए सोनिया गांधी की उपलब्धियों की तारीफ की है। 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' एक व्यक्तिगत संस्मरण है। इसमें राजनीति को मुख्य विषय के बजाय जीवन की पृष्ठभूमि और घटनाओं को समझने के एक माध्यम के रूप में रखा गया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें